राजस्थान सरकार की सुशासन की मंशा को मूर्त रूप देने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर काना राम ने कड़े तेवर दिखाए हैं। शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में उनकी अध्यक्षता में आयोजित राजस्व एवं उपखण्ड अधिकारियों की लगभग 6 घंटे तक चली मैराथन बैठक में भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और त्वरित प्रशासन का स्पष्ट संदेश दिया गया। कलक्टर ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध सीमा में हो ताकि आमजन और जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक की विस्तृत समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग से जुड़े संवेदनशील मुद्दों जैसे नामांतकरण, सीमांकन, बंटवारा, राजस्व वसूली और भू-अधिग्रहण के लंबित मामलों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उपखण्ड एवं तहसील स्तर के अधिकारियों को इनके प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण, रिकॉर्ड संधारण, ई-फाइलिंग प्रणाली के प्रभावी उपयोग और राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।

नगरीय विकास के क्षेत्र में कलक्टर ने गंगापुर सिटी के लिए विशेष कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसके तहत शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने, अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त करने और आगामी मानसून से पूर्व नालों की सघन सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह को इन अभियानों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रेषित करने के निर्देश दिए। शहरी नियोजन पर चर्चा करते हुए कलक्टर ने जोर दिया कि सभी विकास योजनाएं नगरीय विकास एवं राजस्व विभाग के जॉइंट सर्कुलर और मास्टर प्लान के अनुरूप ही तैयार की जाएं, जिससे भविष्य के विवादों को टाला जा सके।

जिले में पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाओं को तलाशते हुए कलक्टर काना राम ने बौंली उपखण्ड के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बौंली में डेजर्ट सफारी और वहां स्थित ऐतिहासिक किले के संरक्षण व विकास हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए बांस टोडरा क्षेत्र में मूर्ति बाजार अथवा हाट बाजार विकसित करने की योजना पर कार्य करने को कहा, जिससे स्थानीय लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिल सके। अंतर-विभागीय समन्वय की महत्ता बताते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करने को कहा। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated On
Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story