सवाई माधोपुर में पंच गौरव कार्यक्रम और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित स्वीकृतियां शीघ्र जारी कराने, विभागीय समन्वय बढ़ाने और खेल मैदान, लाइब्रेरी, सक्षम केंद्र तथा पर्यटन सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करने पर जोर दिया।

बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम के तहत नीम, फुटबॉल, रणथम्भौर पर्यटन और अमरूद से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने नीम वृक्ष कुंज का कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरा करने, आलनपुर नर्सरी में नीम केक तैयार करने और पौधों के संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दशहरा मैदान स्थित फुटबॉल ग्राउंड का रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ गंगापुर सिटी में फुटबॉल ग्राउंड के लिए 10 लाख रुपये के कार्य की निविदा जारी करने को भी कहा।

अमरूद महोत्सव और जैविक एग्रो मार्ट के आयोजन की तैयारियां आगामी वर्ष के लिए पूर्व आयोजन की तर्ज पर शुरू करने के निर्देश दिए गए। रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में बहुभाषी दिशात्मक एवं व्याख्यात्मक संकेतक, वाई-फाई और सौर ऊर्जा आधारित कैमरों से संबंधित कार्य पूरे करने पर जोर दिया गया। बांस टोरड़ा में शिल्पकारों के लिए भूमि चिह्नित करने तथा श्यामोता की ब्लैक पॉटरी और रणथम्भौर की चित्रकला को पंच गौरव में शामिल कर प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही पंच गौरव की थीम पर पेंटिंग करवाने और वर्ष 2027-28 की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत वर्ष 2025-26 में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने चौथ का बरवाड़ा में खेल मैदान विकास कार्य का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिला मुख्यालय पर लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्टेशन के कार्यों में तेजी लाने और पर्यटन सीजन को देखते हुए पालीघाट इको-टूरिज्म विकास कार्य शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 के तहत स्वीकृत 16 कार्यों में से 10 की प्रशासनिक और पांच की वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इनमें से तीन कार्य शुरू कर दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने शेष कार्यों की स्वीकृति जारी कराने और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में बौंली और खंडार में सक्षम केंद्रों के लिए स्थान चिह्नित कर स्वीकृति संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने तथा गंगापुर सिटी में सक्षम केंद्र का कार्य शुरू कराने को कहा गया। मलारना डूंगर में खेल स्टेडियम और गंगापुर सिटी में लाइब्रेरी की तकनीकी स्वीकृति जल्द जारी कराने के साथ गंगापुर सिटी खेल स्टेडियम के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त निजी बस स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने, रणथम्भौर रोड से झूमर बावड़ी तक सड़क निर्माण कराने और चौपाटी विकास कार्य करने पर भी जोर दिया गया। जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समयावधि में काम पूरे हों और आमजन को उनका लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पंकज मीना, उप निदेशक सांख्यिकी धर्मेंद्र गुप्ता, एसीएफ मनीषा शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story