सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर संपर्क पोर्टल, जनसुनवाई, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, अंतर्विभागीय प्रकरणों और स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, विकास कार्यों की गुणवत्ता और चुनावी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में दर्ज प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक प्रकरण की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। बजट घोषणाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकृत कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कराने तथा तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान करने को कहा।

उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित सड़कों, निर्माण कार्यों, डीएलपी अवधि के कार्यों और लंबित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। डीएलपी अवधि की सड़कों का शत-प्रतिशत मरम्मत कार्य दिवाली पूर्व पूर्ण करने को कहा।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने निकाय चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की प्रकोष्ठवार समीक्षा की। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए सभी दायित्व समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर पेयजल, छाया, आवश्यक संसाधन और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का समय रहते भौतिक सत्यापन कराने को कहा। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी पुख्ता तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान दलों के गठन, कार्मिक एवं ईवीएम रेंडमाइजेशन, प्रशिक्षण, मतदान केन्द्रवार रूट चार्ट और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूर्ण करने को कहा। प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं नवीन प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी देने तथा उनकी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की प्रभावी मॉनिटरिंग, उल्लंघन की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई तथा निर्वाचन नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं त्रुटिरहित व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, एसीईओ शैलेन्द्र सिंह, आयुक्त दलीप पूनिया सहित संबंधित जिला एवं उपखण्ड स्तरीय अधिकारी तथा निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story