दीपावली पर पत्रकारों से मिले जिला कलक्टर काना राम, पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर हुई चर्चा
सवाई माधोपुर में दीपावली पर जिला कलक्टर काना राम ने पत्रकारों के साथ स्नेह-मिलन किया। इस दौरान नागरिक सुविधाओं, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और पंचायती राज चुनावों के तीसरे चरण के मतदान के अनुभवों के साथ आगामी 14 और 16 नवम्बर की तैयारियों पर चर्चा हुई।

सवाई माधोपुर जिला कलक्टर कार्यालय में पत्रकारों के साथ बैठक कर पंचायती राज चुनाव व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा करते जिला कलक्टर काना राम।
दीपावली के अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने स्थानीय पत्रकारों के साथ संवाद कर प्रशासनिक प्राथमिकताओं और पंचायती राज चुनावों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय में आयोजित स्नेह-मिलन कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न मीडिया संस्थानों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और जिले की प्रशासनिक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया।
इस दौरान जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में सामुदायिक और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने पत्रकारों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि आमजन, पर्यटकों सहित विभिन्न वर्गों और समुदायों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को स्थानीय मीडिया के सुझावों और सहयोग की अपेक्षा है। सवाई माधोपुर शहर और संपूर्ण जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किसी भी नागरिक की ओर से दिए जाने वाले सुझावों का हमेशा स्वागत किया जाएगा।
बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण के मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव में नियुक्त अधिकारियों और कार्मिकों ने निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराया। चार पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होना टीम सवाई माधोपुर की सफलता है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सभी पक्षों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया।
काना राम ने बताया कि जिले के शेष चार पंचायत समिति क्षेत्रों में आगामी 14 और 16 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए भी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य आगामी मतदान प्रक्रिया को भी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
