सवाई माधोपुर, 19 मई। जिला कलक्टर काना राम ने मंगलवार को मलारना डूंगर उपखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, रिकॉर्ड प्रबंधन एवं आमजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, दस्तावेजों की उपलब्धता और लंबित प्रकरणों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने गिरदावरी, पंजीयन रिकॉर्ड, कन्वर्जन फाइलें, नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकरणों से संबंधित रजिस्टरों की क्रमवार जांच करते हुए अधिकारियों को अभिलेखों को पूर्णतः अद्यतन रखने के सख्त निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने विशेष रूप से 10 वर्ष और 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व न्यायालय के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों में तहसीलदार की रिपोर्ट लंबित पाए जाने पर जिला कलक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इस कार्य में बरती गई शिथिलता के कारण उन्होंने तहसीलदार रामजीलाल मीणा को तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके अतिरिक्त, धारा 251 के तहत लंबित रास्ता प्रकरणों पर संज्ञान लेते हुए कलक्टर ने उपखंड अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और पूर्ण जवाबदेही का पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी संदीप कुमार बेरड़, तहसीलदार रामजीलाल मीणा, रीडर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। (फोटो कैप्शन: 19 पीआरओ 4 एवं 5 निरीक्षण करते जिला कलक्टर काना राम)।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story