सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम का निर्देश, लाडो योजना के सभी भुगतान 31 जुलाई तक करें पूरे
सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम ने लाडो योजना के सभी भुगतान 31 जुलाई तक पूरे करने, 1,855 ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालयों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते जिला कलक्टर काना राम और उपस्थित विभागीय अधिकारी।
जिला कलक्टर काना राम ने जिले के राजकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन बढ़ाने, पढ़ाई छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने, विद्यालय भवनों में मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने तथा लाडो योजना के तहत पात्र छात्राओं को नकद लाभ हस्तांतरण का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुधवार को शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, जिला स्तरीय निष्पादन, पोषाहार संचालन समिति एवं पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने पीएम पोषण योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि मानसून के दौरान विद्यालयों में सीलन या नमी के कारण पोषाहार खराब नहीं होना चाहिए। इसके लिए खाद्यान्न सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए तथा प्रतिदिन होने वाले पोषाहार वितरण की जानकारी कलक्ट्रेट कार्यालय को नियमित रूप से भेजी जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने सभी संस्था प्रधानों को निर्देश दिए कि विद्यालयों के क्षतिग्रस्त भवनों, जर्जर कक्षा-कक्षों अथवा अन्य असुरक्षित स्थानों पर किसी भी स्थिति में कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
प्रवेशोत्सव एवं नामांकन अभियान की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने जिले में चिन्हित 1 हजार 855 ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में नामांकन में कमी आई है, वहां के संस्था प्रधान कारणों का विश्लेषण कर नामांकन बढ़ाने की कार्ययोजना प्रस्तुत करें। लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीसीटीएस आईडी, जनाधार कार्ड और आधार कार्ड में मिसमैच के कारण लंबित भुगतान मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही सीबीईओ और एसीबीईओ को चेतावनी देते हुए कहा कि योजना से वंचित सभी पात्र बालिकाओं को 31 जुलाई तक हर हाल में भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शिक्षा विभाग को दिए गए 4 लाख 50 हजार पौधारोपण के लक्ष्य को व्यक्तिगत एवं कम्यूनिटी वृक्षारोपण के माध्यम से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के खेल मैदानों, सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा उनकी सुरक्षा के लिए खेल मैदानों की चारदीवारी के भीतर पौधारोपण को प्राथमिकता दी जाए।
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता ने बैठक में बताया कि भविष्य की उड़ान योजना के तहत विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण, सौंदर्यकरण, फर्नीचर सहित 34 करोड़ रुपये से अधिक राशि के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इस पर जिला कलक्टर ने प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्था प्रधानों से सेवानिवृत्त शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और भामाशाहों को प्रेरित कर मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना से जोड़ने का आह्वान किया और कहा कि जनसहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाड़िया, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरकेश लाल मीना, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक देवी लाल मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोज कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान दिए गए ये निर्देश जिले में शिक्षा, छात्र सुरक्षा, पौधारोपण और लाडो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
