सवाई माधोपुर में सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं के लिए 23 नवंबर को चयन ट्रायल, छह खेलों में होगा खिलाड़ियों का चयन
सवाई माधोपुर में राजस्थान राज्य सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता 2026 के लिए 23 नवंबर को सुबह 10 बजे चयन ट्रायल होंगे। छह खेलों में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जानिए ट्रायल का स्थान, जरूरी दस्तावेज और पात्रता संबंधी विभागीय दिशा-निर्देश।

राजस्थान राज्य अन्तरजिला एवं अन्तरसंभागीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता 2026 में सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों के गठन के लिए 23 नवंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल के माध्यम से टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार चयन प्रक्रिया 23 नवंबर को सुबह 10 बजे कार्यालय जिला खेल अधिकारी, जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र, दशहरा मैदान, सवाई माधोपुर में शुरू होगी। सभी इच्छुक खिलाड़ियों के लिए निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की राज्य स्तरीय अन्तरजिला प्रतियोगिताएं भरतपुर में आयोजित होना प्रस्तावित है। वहीं, कबड्डी प्रतियोगिता श्रीगंगानगर, बास्केटबॉल प्रतियोगिता डीडवाना और वॉलीबॉल प्रतियोगिता हनुमानगढ़ में प्रस्तावित है। इसके अलावा 13वीं राजस्थान राज्य अन्तरसंभागीय सिविल सेवा प्रतियोगिता 2026 का आयोजन बीकानेर में किया जाना प्रस्तावित है।
जिला खेल अधिकारी कजोड़मल नरानिया ने बताया कि चयन ट्रायल में शामिल होने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को अपने विभाग के नियंत्रण अधिकारी से प्रमाणित फोटोयुक्त परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। वैध परिचय पत्र के अभाव में किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परिचय पत्र में खिलाड़ी का नाम, खेल का नाम, पद, पदस्थापन स्थान, विभाग का नाम, जन्मतिथि, कार्यग्रहण तिथि, मोबाइल नम्बर और ई-मेल आईडी स्पष्ट रूप से अंकित होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत निगमों, मंडलों और स्वायत्तशासी संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। इसके साथ ही दैनिक वेतनभोगी, ठेकाश्रमिक, संविदा एवं कार्यप्रभारित कार्मिक तथा पुलिस विभाग के बेल्टधारी अधिकारी-कर्मचारी भी प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकेंगे। इनके अतिरिक्त अन्य विभागों में कार्यरत नियमित राजकीय अधिकारी एवं कर्मचारी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र होंगे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
