सवाई माधोपुर: निकाय चुनाव को लेकर ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन हुआ
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए 6 नगरीय निकायों के 288 मतदान केंद्रों के लिए रिजर्व सहित 347 बीयू और सीयू आवंटित।

सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान मौजूद अधिकारी और प्रतिनिधि।
सवाई माधोपुर, 4 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की दिशा में शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में ईवीएम मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशानुसार हुई इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। रेंडमाइजेशन के जरिए जिले के नगरीय निकायों के निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए ईवीएम का आवंटन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि जिले के 6 नगरीय निकायों के 215 वार्डों के लिए कुल 288 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें नगर परिषद सवाई माधोपुर के 94 मुख्य एवं 3 सहायक सहित 97, नगर परिषद गंगापुर सिटी के 92 मुख्य एवं 4 सहायक सहित 96, नगर पालिका बामनवास के 20, बौंली के 25, खण्डार के 25 तथा वजीरपुर के 25 मतदान केन्द्र शामिल हैं।
ईवीएम के द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए 287 बैलेट यूनिट (बीयू) और 287 कंट्रोल यूनिट (सीयू) की आवश्यकता के मुकाबले रिजर्व सहित 347 बीयू एवं 347 सीयू का आवंटन किया गया। इस तरह 60 बीयू और 60 सीयू रिजर्व रखे गए हैं।
रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ईवीएम आवंटन से संबंधित सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया कि जिले में नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधी एवं वार्ड प्रत्याशी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
