शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से चिश्तिया शाह समाज शहर सवाई माधोपुर द्वारा जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को दर्सगाह इस्लामिया सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में किया गया। कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव लईक अहमद के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारम्भ हाफिज मोहम्मद अलफेज द्वारा कुरआन-पाक की तिलावत से हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत हो गया।

मुख्य अतिथि लईक अहमद ने यूथ चिश्तिया कमेटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास का मूल आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता एक दिन का परिणाम नहीं, बल्कि सतत प्रयासों का फल है। कार्यक्रम को शहर काजी निसार उल्लाह, काजी इरफान उल्लाह सहित समाज के प्रबुद्धजनों ने भी संबोधित किया।

समारोह के दौरान कक्षा बारहवीं की छात्रा मनतशा बानों, असकाना बानों, नादिया परवीन, सिमरन बानों, निशा बानों, सोनम खान तथा छात्र साकिब अली, ताहिर अहमद और अल्फेज खान को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार कक्षा दसवीं के छात्र मोहम्मद इकराज खान, अकरम खान, मोहम्मद फरान, फेजान अली, अल्फेज खान और छात्रा फरहीन बानों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा आठवीं की छात्रा रिमशा अंजुम, अलफिया बानों, नबिया खानम, आलिया बानों तथा छात्र आफताब खान, जोशील अहमद, मोहम्मद फेजान को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

जिला स्तरीय इस समारोह में मलारना डूंगर, बैरखण्डी, ओलवाड़ा, कुण्डेरा, हाड़ौती, बेहतेड़, मुई कलां सहित कोटा और खीमच क्षेत्रों से कुल 38 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें कक्षा बारहवीं के 10, दसवीं के 6, आठवीं के 7 और कक्षा पांचवीं के 15 विद्यार्थियों की सहभागिता रही।

समारोह में कुरआन हिफ्ज कर हाफिज का मुकाम हासिल करने वाले मोहम्मद अलफेज, मोहम्मद रेहान और मोहम्मद अलफेज आलम का विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने उनकी उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हें बच्चों ने “हमने आँखों से देखा नहीं है, मगर उनकी तस्वीर सीने में मौजूद है” और “मिला हमेशा चाहत का पैगाम मदरसों से, मत जोड़ो आतंकवाद का नाम मदरसों से” जैसी नात प्रस्तुत कर भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

इस अवसर पर सदर निसार अहमद, यूथ चिश्तिया कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद शारिफ, सचिव मोहम्मद अकरम, छुट्टन मास्टर, हाजी नासिरूद्दीन, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद कलीम, शाहरूख, आमिर, ब्लॉक नोडल शिक्षा अनुदेशक मोहम्मद नईम, दर्सगाह स्कूल के सईद मास्टर, प्रतिभागी, अभिभावक एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सशक्त संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story