सवाई माधोपुर: बाल अधिकारिता विभाग ने कच्ची बस्ती में चलाया जागरूकता अभियान
हम्मीर पुलिया के नीचे बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, बाल श्रम और बाल विवाह विरोधी कानूनों की जानकारी देकर भीषण गर्मी में सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

सवाई माधोपुर के हम्मीर पुलिया के नीचे स्थित कच्ची बस्ती में गुरुवार को बच्चों और स्थानीय लोगों को बाल अधिकारों एवं हेल्पलाइन नंबर 1098 के प्रति जागरूक करते चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर हनुमान सैनी और टीम के सदस्य।
सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग विमलेश कुमार के निर्देशन में गुरुवार को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने हम्मीर पुलिया के नीचे स्थित कच्ची बस्ती क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर लोगों को जागरूक किया। अभियान के दौरान टीम ने बच्चों एवं स्थानीय लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह एवं बाल शोषण से संबंधित कानूनों और सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
टीम ने उपस्थित लोगों को बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का उपयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान बच्चों को शोषण, श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचाने के लिए कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बच्चों एवं अभिभावकों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर नहीं रहने की सलाह दी। साथ ही कचरा बीनने एवं भिक्षावृत्ति जैसी गतिविधियों से बच्चों को दूर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर हनुमान सैनी एवं केस वर्कर लोकेश बैरवा मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र के लोगों से बच्चों की सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए हर स्तर पर सहयोग करने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
