सवाई माधोपुर जिले के उपखंड चौथ का बरवाड़ा मुख्यालय स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में 15 जुलाई को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर आमजन और किसानों के लिए त्वरित समाधान का माध्यम बना। शिविर में उपखंड अधिकारी चन्द्र प्रकाश वर्मा, तहसीलदार नीरज सिंह, विकास अधिकारी इन्द्रराज मीना, प्रशासक सीता देवी सहित 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के दौरान आमजन एवं किसानों की समस्याएं सुनकर अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकार की योजनाओं और प्रशासन की तत्परता से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने अपनी सफलता की कहानियों के माध्यम से ग्रामीण सेवा शिविर की उपयोगिता को रेखांकित किया।

चौथ का बरवाड़ा निवासी सुनीता फागना पत्नी चंद्र प्रकाश को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गायत्री महावर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। आवश्यक दस्तावेज एकत्रित कर उनका समय पर पंजीकरण कराया गया, जिससे उन्हें योजना का लाभ मिला। प्रथम प्रसव पर उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 5 हजार रुपये की वित्तीय सहायता का भुगतान प्राप्त हो चुका है। इसके बाद द्वितीय प्रसव में बालिका के जन्म पर योजना के प्रावधानों के अनुसार 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता के लिए उनका पंजीकरण शिविर में सफलतापूर्वक किया गया। योजना से मिली आर्थिक सहायता और विभागीय मार्गदर्शन के कारण उन्होंने गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का सेवन तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार पर विशेष ध्यान दिया, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने में सहायता मिली।

राजस्व विभाग ने चौथ का बरवाड़ा निवासी बाबूलाल पुत्र रामनिवास धाकड़ और जगदीश पुत्र रामनिवास धाकड़ का सहमति बंटवारा किया। इस प्रक्रिया से दोनों किसानों की वर्षों पुरानी भूमि अधिकार संबंधी समस्या का समाधान हुआ। अब वे अपनी-अपनी कृषि भूमि का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सकेंगे और भविष्य में राजस्व संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। दोनों किसानों ने त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई के लिए पटवारी रामहेत मीणा तथा राजस्व विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण सेवा शिविर को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

शिविर में चौथ का बरवाड़ा निवासी उपभोक्ता वृद्धि चंद शर्मा पुत्र रामकिशन शर्मा ने अपने विद्युत कनेक्शन की सर्विस लाइन केबल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और उपभोक्ता के मीटर की सर्विस लाइन बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से शुरू कर दी। समस्या का त्वरित समाधान होने पर उपभोक्ता ने विद्युत विभाग की टीम और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी एवं शीघ्र समाधान हो रहा है।

कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजैसन योजना के तहत ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा निवासी राजेश तिलोर पुत्र बदामी तिलोर को आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ मिला। पहले वे गेहूं, चना, सरसों एवं अन्य फसलों की मड़ाई के लिए किराये के थ्रेसर पर निर्भर रहते थे, जिससे समय और लागत दोनों अधिक लगते थे। वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक लोकेश मीना ने उन्हें योजना की जानकारी देकर राजकिसान पोर्टल पर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने 8 फरवरी 2026 को आवेदन किया, जिसके बाद 16 फरवरी 2026 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली। इसके बाद उन्होंने आधुनिक मल्टीक्रॉप थ्रेसर खरीदा। 23 फरवरी 2026 को सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ने भौतिक सत्यापन किया और 24 फरवरी 2026 को उन्हें 50 प्रतिशत अनुदान राशि 2 लाख रुपये डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई।

इसी शिविर में ग्राम नाहरी कलां निवासी रामप्यारी गुर्जर अपने पुत्र के साथ वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करने पहुंचीं। उनकी स्थिति को देखते हुए तहसीलदार नीरज सिंह ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी लेखराज मीना को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पात्र को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत उनका ऑनलाइन आवेदन मौके पर ही किया गया। आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तहसील स्तर पर पूरा होने के बाद विकास अधिकारी कार्यालय ने उसी समय उनकी पेंशन स्वीकृत कर दी। पेंशन स्वीकृति का संदेश मिलते ही रामप्यारी के चेहरे पर खुशी झलकने लगी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल मिलेगा और वे सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के साथ जीवन व्यतीत कर सकेंगी।

ग्राम पंचायत चौथ का बरवाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के दौरान पशुपालक मौसमी देवी पत्नी विजय कुमार मीना को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पशु बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि पशुपालन उनके परिवार की आय का प्रमुख स्रोत है और पहले उन्हें हमेशा यह चिंता रहती थी कि किसी कारणवश पशु की आकस्मिक मृत्यु होने पर परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने पशुओं का बीमा कराया। सीनियर वेटरनरी ऑफिसर डॉ. चन्द्र प्रकाश गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। बीमित पशु की आकस्मिक मृत्यु होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे नुकसान की भरपाई करने में काफी मदद मिलेगी। ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की त्वरित कार्रवाई और योजनाओं के लाभ से कई परिवारों को तत्काल राहत मिली, जिससे शिविर आमजन के लिए प्रभावी सेवा और समाधान का माध्यम बनकर उभरा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story