सवाई माधोपुर: चकेरी ग्राम पंचायत प्रशासक रामचीज मीना पदमुक्त
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में जिला कलक्टर काना राम ने चकेरी के निवर्तमान सरपंच को पदमुक्त कर रामपति देवी को नया प्रशासक नियुक्त किया है।

सवाई माधोपुर, 19 मई। सवाई माधोपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत चकेरी में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जिला कलक्टर काना राम ने सख्त कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत के प्रशासक एवं निवर्तमान सरपंच रामचीज मीना को उनके पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है। उन पर वर्ष 2019-20 से 2024-25 के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के निर्माण कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं बरतने के आरोप हैं। पंचायती राज विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा कराई गई विस्तृत जांच के उपरांत जिला कलक्टर ने उन्हें दोषी मानते हुए यह कठोर निर्णय लिया है।
प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कलक्टर ने पूर्व प्रशासकीय समिति की सदस्य एवं निवर्तमान वार्डपंच रामपति देवी को चकेरी ग्राम पंचायत का नया प्रशासक नियुक्त किया है। साथ ही, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिला कलक्टर ने रामपति देवी के सहयोग एवं ग्राम पंचायत के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए एक नई प्रशासकीय समिति का पुनर्गठन किया है। इस नवगठित समिति में वार्ड पंच काली देवी मीना, कमलेश मीना, लक्ष्मण मीना, विजय सिंह योगी, मन्नी देवी मीना, मोहनी देवी एवं सतीश कुमार मीना को शामिल किया गया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई ग्राम पंचायत के स्तर पर वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में हुई गड़बड़ियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
