सवाई माधोपुर में समान पात्रता परीक्षा (सीनियर सेकेंडरी स्तर)-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से 1 से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला परीक्षा समन्वयक संजय शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें केन्द्राधीक्षकों, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और उपसमन्वयकों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के दिशा-निर्देशों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने बताया कि परीक्षा 1 से 3 दिसंबर तक प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी। प्रथम पारी प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा द्वितीय पारी अपराह्न 3 बजे से सायं 5:30 बजे तक चलेगी। जिले में कुल 33 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर 18 और गंगापुर सिटी में 15 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिले में 31 परीक्षा केन्द्रों पर प्रति पारी 9,550 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

उन्होंने सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा संचालन के किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

परीक्षा से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने और अभ्यर्थियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 30 नवंबर को प्रातः 10 बजे से सक्रिय होगा। अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की सहायता अथवा जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 07462-220323 पर संपर्क कर सकेंगे।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पहले अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें। साथ ही प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की गाइडलाइन की अनिवार्य रूप से पालना करें।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूचियों में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को आवंटित लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित रहने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा), संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, केन्द्राधीक्षक, अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, पर्यवेक्षक, उपसमन्वयक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story