सवाई माधोपुर, 26 अक्टूबर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता, प्रशासन में पारदर्शिता और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से सोमवार को चकचैनपुरा स्थित रणथम्भौर ट्रक यूनियन के सभागार भवन में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह और स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा उपस्थित जनसमूह को सतर्कता की शपथ दिलाई गई।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने तथा शासन और लोक प्रशासन में ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह सप्ताह मनाया जा रहा है।

नेमीचंद मीणा ने बताया कि सतर्कता जागरूकता अभियान भारत सरकार के केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक जीवन और प्रशासन में भ्रष्टाचार को रोकना तथा ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान 6.0 के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि यह एक व्यापक सरकारी पहल है, जिसका उद्देश्य मंत्रालयों और विभागों में स्वच्छता एवं सुशासन को बढ़ावा देना, सार्वजनिक संसाधनों का कुशल उपयोग सुनिश्चित करना और लंबित मामलों में कमी लाना है। यह अभियान केवल भौतिक साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके व्यापक उद्देश्य भी हैं।

स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था और इसे सेवा भाव से जोड़ा था। देश को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का मुख्य कर्तव्य है। भारत सरकार की ओर से संचालित स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों को सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत सतर्कता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ट्रक यूनियन के उपाध्यक्ष सिराज खान, प्रबंधक सहमत अली, पूर्व उपाध्यक्ष पृथ्वीराज मीणा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सतर्कता, पारदर्शिता, जवाबदेही और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story