सवाई माधोपुर: जिला कलक्टर के निर्देशन में जनगणना कार्य का हुआ औचक निरीक्षण
उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. डिम्पल गुर्जर और समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता ने फील्ड स्तर पर डिजिटल प्रविष्टियों की जांच की।

सवाई माधोपुर में चल रहे जनगणना कार्य की गुणवत्ता, सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें फील्ड स्तर पर हो रहे कार्यों और डिजिटल प्रविष्टियों की बारीकी से जांच की गई। यह निरीक्षण प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. डिम्पल गुर्जर ने गंगापुर सिटी तहसील एवं नगर परिषद क्षेत्र के एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) क्षेत्रों का दौरा किया। वहीं जिला जनगणना समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता ने तहसील एवं नगरपालिका बौंली तथा मित्रपुरा के एचएलबी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की मौके पर समीक्षा की। अधिकारियों ने फील्ड में किए जा रहे कार्यों के साथ-साथ डिजिटल एंट्री की विस्तृत जांच करते हुए अभिलेखों की वास्तविक स्थिति से तुलना की।
निरीक्षण के दौरान नजरी नक्शों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया और एचएलओ ऐप में दर्ज जानकारियों का भौतिक सत्यापन से मिलान किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि फील्ड स्तर पर एकत्र की जा रही सूचनाएं डिजिटल रिकॉर्ड से पूरी तरह मेल खाएं और किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
डॉ. डिम्पल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि सवाई माधोपुर जिले की 11 तहसीलों और 6 नगरीय क्षेत्रों में प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए कुल 2609 एचएलबी बनाए गए हैं। इस कार्य के लिए 2407 प्रगणक और 405 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 2609 में से 2040 एचएलबी में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 569 में कार्य प्रगति पर है।
जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर गठित समस्या समाधान प्रकोष्ठ द्वारा 2 जून से नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जा रही है। इन बैठकों में मास्टर ट्रेनर पारस चन्द जैन सहित प्रकोष्ठ के अन्य सदस्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को फील्ड में आ रही समस्याओं का समाधान उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि कार्य को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जा सके।
यह निरीक्षण अभियान जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी आंकड़ों की विश्वसनीयता और मजबूती सुनिश्चित हो सकेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
