जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, सवाई माधोपुर में डीसीएचबी पोर्टल प्रशिक्षण शुरू
जनगणना-2027 को लेकर सवाई माधोपुर में डीसीएचबी वेब पोर्टल प्रशिक्षण शुरू हुआ। चार्ज अधिकारियों और क्षेत्रीय कार्मिकों को डेटा एंट्री, सत्यापन, प्रबंधन सहित डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के जिला परिषद सभागार में जनगणना-2027 के डीसीएचबी पोर्टल प्रशिक्षण के दौरान बैठे अधिकारी और क्षेत्रीय कार्मिक नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर में भारत की जनगणना-2027 के सफल एवं समयबद्ध संचालन की तैयारियों को गति देते हुए जिला जनगणना पुस्तिका डेटा संग्रह वेब पोर्टल (डीसीएचबी) के उपयोग को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। जिला परिषद सभागार में चार्ज तहसील सवाई माधोपुर के चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्रीय कार्मिकों को पोर्टल संचालन की प्रक्रिया समझाई गई।
जनगणना निदेशालय के जिला समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि, सत्यापन, संपादन, अनुमोदन एवं प्रबंधन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि जिला जनगणना पुस्तिका डेटा संग्रह (डीसीएचबी) वेब पोर्टल आंकड़ों के सुरक्षित, सटीक एवं रियल टाइम प्रबंधन के लिए विकसित केंद्रीकृत डिजिटल मंच है।
उन्होंने बताया कि पोर्टल में रोल-बेस्ड एक्सेस, रियल-टाइम मॉनिटरिंग तथा इन-बिल्ट वैलिडेशन चेक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनसे आंकड़ों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान डीसीओ अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्रीय कार्मिकों की भूमिका एवं उत्तरदायित्वों के साथ यूजर आईडी निर्माण, लॉगिन, डेटा एंट्री, संपादन, सिंक्रोनाइजेशन एवं सबमिशन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। चार्ज तहसील सवाई माधोपुर के चार्ज अधिकारी महेन्द्र सिंह मूंड सहित संबंधित क्षेत्रीय कार्मिकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उप जिला जनगणना अधिकारी धर्मेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि सीखी गई प्रक्रियाओं की पालना करते हुए जनगणना-2027 से संबंधित कार्यों को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ त्रुटिरहित रूप से संपादित किया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी 11 ग्रामीण चार्ज तहसीलों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत 6 अगस्त को सवाई माधोपुर, 7 अगस्त को बामनवास एवं बरनाला, 8 अगस्त को गंगापुर सिटी, वजीरपुर एवं तलावड़ा, 10 अगस्त को बौंली एवं मित्रपुरा, 11 अगस्त को मलारना डूंगर, 12 अगस्त को चौथ का बरवाड़ा तथा 13 अगस्त को खण्डार तहसील के संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जनगणना-2027 के लिए डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के सुरक्षित और व्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्रामीण चार्ज तहसीलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
