सवाई माधोपुर। 7 अप्रेल

ग्राम पंचायत मुख्यालय रवांजना चौड एवं रवांजना डूंगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों का मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) मीना लसाडिया एवं सहायक निदेशक समग्र शिक्षा कालूराम बैरवा ने निरीक्षण कर प्रवेशोत्सव अभियान एवं डोर टू डोर सर्वे सहित अन्य योजनाओं की प्रगति जानी एवं शिक्षकों से संवाद कर आ रही समस्याओं तथा नामांकन बढाने के साथ ही शत प्रतिशत प्रगति लाने के लिए संबलन प्रदान किया।

विद्यालयों में प्रवेशोत्सव और डोर टू डोर सर्वे का जायजा

सीडीईओ ने रवांजना चौड विद्यालय में नव प्रवेशित विद्यार्थियों का माला पहना एवं शिक्षण सामग्री प्रदान कर स्वागत भी किया। रवांजना चौड प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र गुप्ता, ममता मीना, प्रभारी सुनिता कोठ्यारी ने पीईईओ क्षेत्र में अभियान की प्रगति की जानकारी दी। सीडीईओ ने प्रवेशोत्सव के तहत किए जा रहे डोर टू डोर सर्वे में शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी, किए जा रहे सर्वे को शिक्षक एप पर ऑनलाइन किए जाने की प्रगति तथा कोई घर सर्वे से वंचित नहीं रहे के संबंध में जानकारी ली। सीडीईओ ने सभी ड्राप आउट एवं अनामांकित पात्र विद्यार्थियों को विद्यालय या आंगनबाडी केन्द्र में प्रवेश दिलाने की प्रगति जांची। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण किए जाने तथा पोशाहार की गुणवत्ता की जांच की।

अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद

शिक्षकों से संवाद कर अभियान की प्रगति जांची एवं आ रही समस्याओं के संबंध में निर्देश दिए। सीडीईओ एवं सहायक निदेशक ने 1 अप्र्रेल से शुरू हुए नवीन सत्र के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभवकों से भी फीडबेक लिया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि "अभिभावकों को राजकीय विद्यालयों का श्रेष्ठ एवं गुणवत्ता पूर्ण परीक्षा परिणाम, विभिन्न लाभकारी योजनाओं सहित अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी देकर विद्यार्थियों का प्रवेश राजकीय विद्यालयों में करवाने के लिए प्रेरित करें।" इसी प्रकार रवांजना डूंगर में भी उन्होंने अभियान की प्रगति जांची एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story