सवाई माधोपुर, 6 मई। जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर चयन और बेहतर भविष्य की दिशा तय करने में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 11 मई, सोमवार को एक करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” के अंतर्गत यह आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन प्रारंभ कर दिया गया है। यह सेमिनार जिला मुख्यालय स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में प्रातः 10 बजे आयोजित होगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि यह सेमिनार विशेष रूप से जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार के विविध अवसरों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। साथ ही विद्यार्थियों को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद का विशेष अवसर भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम में जिला कलक्टर काना राम विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे तथा उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।

शिक्षा विभाग के एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि सेमिनार में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 मई से प्रारंभ हो चुका है, जो 10 मई को सायं 5 बजे तक जारी रहेगा। पात्र विद्यार्थी निर्धारित लिंक https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSdBzzyHKy-aEOcA0rYB-mTk461Yycrivr6RTtOq7_8lpuwOtQ/viewform?usp=publish-editor

तथा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से इस महत्वपूर्ण आयोजन का लाभ उठाने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। यह सेमिनार विद्यार्थियों के सपनों को दिशा देने और उन्हें नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story