सवाई माधोपुर में विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत गुरुवार, 17 सितम्बर को जिले में सात स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया और रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विकसित भारत जन सेवा अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

चिकित्सा विभाग की ओर से जिला अस्पताल सवाई माधोपुर, जिला अस्पताल गंगापुर सिटी, रिया हॉस्पिटल गंगापुर सिटी, सी.पी. हॉस्पिटल गंगापुर सिटी, वर्धमान हॉस्पिटल गंगापुर सिटी, रणथम्भोर ब्लड सेंटर सवाई माधोपुर, रिद्धि सिद्धि ब्लड सेंटर और जीवन सर्जिकल हॉस्पिटल में रक्तदान शिविरों का आयोजन हुआ।

जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का राज्य स्तरीय दल की सदस्य कनिका शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना ने अवलोकन किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

रक्तदान शिविरों के साथ जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों ने रक्तदान की ऑनलाइन शपथ भी ली। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की यह भागीदारी स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनसेवा की भावना को दर्शाती है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शिविरों में चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक, नर्सिंग स्टॉफ, एएनएम, 104 और 108 एम्बुलेंस के वाहन चालक एवं स्टॉफ के साथ स्वयंसेवी संस्थानों और आमजन ने रक्तदान किया। रक्तदान निदेशालय के निर्देशानुसार जिला अस्पतालों, निजी ब्लड बैंकों, युवा समूहों, सामाजिक संगठनों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थाओं ने भी सहभागिता सुनिश्चित की। आगामी माह में खण्ड स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन कर अधिकतम जन सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

सीएमएचओ ने आमजन से अपील की कि वे भी इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनकर रक्तदान करें और अपना सहयोग दें। साथ ही माई जी ओ वी डॉट इन पर जाकर शपथ लेने की अपील की। उन्होंने रक्तदान शिविरों में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं, ऑनलाइन रक्तदान की शपथ लेने वाले नागरिकों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

शिविरों में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए जूस एवं अल्पाहार प्रदान किया गया। रक्तदान से पूर्व रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण किया गया।

रक्तदान को जीवनदान बताते हुए कहा गया कि यह मानव जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक पात्र एवं स्वस्थ व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग मिलता है। रक्तदान के जरिए दुर्घटना पीड़ितों, प्रसूताओं, हाई रिस्क प्रेग्नेंट महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।

जिले में अधिकाधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के साथ रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story