सवाई माधोपुर, 15 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्षों के कार्यकाल को समर्पित ‘विश्वास, विकास एवं जनकल्याण’ अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सवाई माधोपुर में आगामी 16 और 17 जून को दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन रेलवे स्टेशन के निकट स्थित मॉल परिसर में किया जाएगा। यह प्रदर्शनी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश के विकास को समर्पित होगी, जिसमें स्थानीय स्तर के सभी देवस्थलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

इस दो दिवसीय आयोजन का औपचारिक उद्घाटन 16 जून को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल और खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से मोदी सरकार के 12 वर्षों के उपलब्धियों भरे कार्यकाल को आमजन के समक्ष रखा जाएगा। 17 जून को कार्यक्रम के समापन अवसर पर मीडिया संवाद का भी आयोजन किया गया है।

प्रदर्शनी स्थल पर आने वाले कार्यकर्ताओं और आगंतुकों की सुविधा हेतु पार्टी की ओर से शीतल पेयजल, शर्बत और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए खंडार पंचायत समिति के प्रधान एवं कार्यक्रम संयोजक ने स्वयं स्थल का दौरा कर टेंट व अन्य प्रबंधों का जायजा लिया है। इस विशेष आयोजन में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष सहित समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। मोदी सरकार के बेमिसाल 12 वर्षों के सफर को रेखांकित करती यह प्रदर्शनी न केवल सरकारी योजनाओं का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक गौरव को भी एक मंच प्रदान करेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story