सवाई माधोपुर, 7 अगस्त 2026। संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान रथ के स्वागत और हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला सवाई माधोपुर के पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 10 अगस्त को जिले में पहुंचने वाले समरसता संकल्प अभियान रथ के स्वागत तथा 14 अगस्त को निकाली जाने वाली विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजन को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।

जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत 10 अगस्त को सवाई माधोपुर जिले में पहुंचने वाले कलश के अभिनंदन की योजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशव्यापी "हर घर तिरंगा अभियान" के अंतर्गत आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा रवाना किया गया संत रविदास महाराज का रथ 10 अगस्त से 13 अगस्त तक जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की ओर से रथ का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को पहली बार यह रथ जिले की सीमा कुस्तला पहुंचेगा, जहां भाजपा कुस्तला मंडल के स्थानीय पदाधिकारी रथ का स्वागत करेंगे। इसके बाद रथ बजरिया स्थित अग्रसेन भवन पहुंचेगा, जहां से ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्य बाजार होते हुए रथ के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 11 अगस्त को रथ खंडार विधानसभा, 12 अगस्त को बामनवास विधानसभा तथा 13 अगस्त को गंगापुर विधानसभा क्षेत्र में रहेगा।

संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के समन्वय एवं सफल क्रियान्वयन के लिए भाजपा ने जिला समिति का गठन भी किया है। समिति में जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष अशोक बैंडवाल, जिला मंत्री प्रेमदेवी मीणा, गंगाशंकर गौतम, जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल, पूर्व सभापति सुनील तिलकर, बजरिया मंडल अध्यक्ष रितेश भारद्वाज, शहर मंडल अध्यक्ष कपिल जैन तथा पूर्व युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष खेमराज महावर को शामिल किया गया है।

जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने प्रधानमंत्री मोदी के "हर घर तिरंगा अभियान" के लिए भी जिला समिति गठित करने की जानकारी दी। इस समिति में जिला उपाध्यक्ष पंडित लालचंद गौतम, उदय सिंह गुर्जर तथा प्रकोष्ठ संयोजक बलवीर सिंह राजावत को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को गंगापुर सिटी नगर परिषद क्षेत्र में तथा 14 अगस्त को सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। गंगापुर सिटी में आयोजित तिरंगा यात्रा का प्रभारी सभापति शिवरतन अग्रवाल और पूर्व उपसभापति दीपक सिंघल को बनाया गया है। वहीं सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में निकलने वाली तिरंगा यात्रा का प्रभारी जिला उपाध्यक्ष लालचंद गौतम, सत्यनारायण धाकड़, जिला महामंत्री जगदीश अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मुरली गौतम, मुकेश शर्मा, अजय बसवाल तथा सतीश शर्मा को बनाया गया है। खंडार विधानसभा के लिए प्रधान नरेन्द्र चौधरी और जिला महामंत्री बाबूलाल मीणा को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि बामनवास विधानसभा के लिए जिला उपाध्यक्ष विजय गुर्जर, प्रधान कृष्ण पोसवाल, शशिकला मीणा तथा प्रेमदेवी मीणा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायतराज चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेशचंद जैन, डॉ. भरतलाल मथुरिया, जिला उपाध्यक्ष हरिओम गर्ग, जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा, गीता सैनी, विमला शर्मा, संतोष मथुरिया, सावित्री शर्मा, केशव शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, मनोज बैरवा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में समरसता संकल्प अभियान, हर घर तिरंगा अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विभिन्न जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story