भामाशाह के 10 लाख दान से बदलेगी बिंजारी स्कूल की तस्वीर, जनसहभागिता योजना से बनेंगे नए कक्षा-कक्ष
सवाई माधोपुर के बिंजारी स्कूल को भामाशाह संतोष कुमार मीणा ने 10 लाख रुपए दान दिए। मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना से अब 25 लाख के विकास कार्य होंगे।

तस्वीर में बाएं से दाएं, चंद्र मोहन शर्मा, राकेश कुमार मीणा, दीपक शर्मा, श्वेता विद्यार्थी, मीना लसाडिया, साफा और माला पहने संतोष कुमार मीणा, श्रीराम मीणा, भीम सिंह और दिनेश कुमार गुप्ता एक कार्यालय में चेक सौंपते हुए खड़े हैं।
सवाई माधोपुर जिले में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” और राज्य सरकार की “मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना” ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी क्रम में बामनवास ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिंजारी में विद्यार्थियों को बेहतर भौतिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीणों का सहयोग सामने आया है।
बिंजारी गांव के भामाशाह एवं सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर संतोष कुमार मीणा ने अपने बड़े भाई स्वर्गीय बसंत लाल मीणा की पुण्यस्मृति में विद्यालय में नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की है। इस सहयोग से विद्यालय के शैक्षिक और भौतिक वातावरण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की स्वीकृति के बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता विद्यार्थी एवं विद्यालय स्टाफ ने जनसहयोग से प्राप्त राशि का चैक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा करवाने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया तथा अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने योजना की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार भामाशाह से प्राप्त 10 लाख रुपए की राशि पर राज्य सरकार की ओर से 15 लाख रुपए का अतिरिक्त राज्यांश स्वीकृत किया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय के विकास कार्यों के लिए कुल 25 लाख रुपए का बजट उपलब्ध होगा।
स्वीकृत राशि से विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए तीन अत्याधुनिक कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा विद्यालय भवन के आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराए जाएंगे। इससे विद्यालय का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धी शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सकेगा।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा कार्यालय से अतिरिक्त परियोजना समन्वयक राकेश कुमार मीणा, चंद्र मोहन शर्मा, भगवान माली, दीपक शर्मा सहित बिंजारी विद्यालय के भीम सिंह, श्रीराम मीणा तथा अन्य गणमान्य नागरिक और शिक्षाविद मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया को सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर संतोष कुमार मीणा ने योजना के तहत चैक भी सुपुर्द किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
