सवाई माधोपुर। भारत विकास परिषद, शाखा मानटाउन की कार्यकारिणी बैठक कल रात्रि 8:00 बजे विवेकानन्द मार्केट स्थित परिषद कार्यालय पर शाखा अध्यक्ष की अनुमति से गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ 'वन्दे मातरम्' के गायन के साथ हुआ, जिसमें आगामी माह के सेवा प्रकल्पों और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

7 प्रांतों के 116 प्रतिनिधि लेंगे क्षेत्रीय कार्यशाला में भाग

बैठक का मुख्य केंद्र आगामी 18 व 19 अप्रैल 2026 को रणथंभौर रोड स्थित निजी होटल में आयोजित होने वाली उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यशाला रही। इस महत्वपूर्ण आयोजन में 7 प्रांतों के लगभग 116 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यशाला की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आवास व्यवस्था का जिम्मा शाखा सचिव उमेश गुप्ता एवं विपिन अग्रवाल को दिया गया है, जबकि परिवहन व्यवस्था प्रदीप गर्ग, दीनदयाल अग्रवाल एवं रत्नाकर गोयल संभालेंगे। अतिथि स्वागत की जिम्मेदारी मीना उपाध्याय, चित्रा गर्ग एवं अंजू गोयल को दी गई है। पंजीकरण का कार्य वीरेन्द्र गुप्ता एवं कपिल नामा देखेंगे, भोजन व्यवस्था महावीर सिंघल और मंच सज्जा का कार्य ज्ञानेन्द्र गुप्ता एवं राजेश शर्मा द्वारा पूर्ण किया जाएगा।

रेलवे स्टेशन पर खुलेगा जल मंदिर और पक्षियों के लिए लगेंगे परिंडे

भीषण गर्मी को देखते हुए परिषद ने जनसेवा के संकल्प के साथ रेलवे स्टेशन पर 'जल मंदिर' स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसका उद्घाटन अप्रैल माह में ही किया जाएगा। इसके साथ ही बेजुबान पक्षियों के संरक्षण हेतु अप्रैल व मई माह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर 'परिंडा अभियान' चलाकर परिंडे बांधे जाएंगे। बैठक में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के कौशल विकास और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए आयोजित होने वाले अभिरुचि शिविर के स्वरूप पर भी चर्चा की गई। साथ ही, वार्षिक सदस्यता शुल्क के संग्रहण और संगठन विस्तार पर जोर दिया गया।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति

बैठक के अंत में अध्यक्ष की अनुमति से संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में शाखा के वरिष्ठ दायित्वधारी श्री हरि प्रसाद शर्मा, श्री दिनेश गर्ग व श्री हेमन्त गर्ग एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story