सवाई माधोपुर: भारत विकास परिषद ने पक्षियों के लिए शुरू की परिंडा मुहिम
वरिष्ठ पत्रकार राजेश गोयल ने अपनी 27वीं वर्षगांठ पर बेजुबान पक्षियों हेतु परिंडे बांधकर जल सेवा की शुरुआत की और समाज से जीव संरक्षण की अपील की।

सवाई माधोपुर में भारत विकास परिषद की 'बेजुबान पक्षियों को परिंडा' मुहिम के तहत परिंडे में जल भरते मीनाक्षी (बाएं), श्रीमती सुमन गोयल (मध्य) और राजेश गोयल (दाएं)।
भीषण गर्मी की आहट के साथ ही बेजुबान पक्षियों के संरक्षण हेतु भारत विकास परिषद शाखा "हम्मीर" ने एक अनुकरणीय मानवीय पहल का आगाज किया है। इस मुहिम के अंतर्गत जीव-दया को सर्वोपरि रखते हुए परिषद द्वारा परिंडे बांधकर सेवा कार्य की विधिवत शुरुआत की गई। इस पुनीत कार्य का अवसर भारत विकास परिषद शाखा हम्मीर एवं वस्त्र व्यापार समिति शहर के अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार राजेश गोयल तथा अखिल भारतीय वैश्य महिला संगठन सवाई माधोपुर की जिलाध्यक्ष श्रीमती सुमन गोयल की विवाह की 27वीं वर्षगांठ बना, जिसे बेहद आत्मीय और सेवाभावी अंदाज में मनाया गया।
इस विशेष अवसर पर राजेश गोयल के परम मित्र एवं अनुज समान मनीष मंत्री और मीनाक्षी ने एक 'सरप्राइज सेलिब्रेशन' का आयोजन कर उत्सव को यादगार बना दिया। वर्षगांठ के इस उल्लास को केवल व्यक्तिगत जश्न तक सीमित न रखकर इसे जीव-सेवा के संकल्प से जोड़ा गया। भारत विकास परिषद की 'बेजुबान पक्षियों को परिंडा' मुहिम के तहत गोयल दंपत्ति और मंत्री परिवार ने सामूहिक रूप से पक्षियों के लिए परिंडे बांधे और उनमें जल की व्यवस्था की। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी की चुनौतियों को देखते हुए परिंडे लगाने के इस नेक कार्य ने उपस्थित सभी जनों को पर्यावरण और जीव संरक्षण के प्रति गहराई से प्रेरित किया।
वरिष्ठ पत्रकार राजेश गोयल ने इस सरप्राइज हेतु आभार प्रकट करते हुए कहा कि अपनों के स्नेह और सामाजिक सेवा का संगम ही जीवन का सबसे अमूल्य उपहार है। उन्होंने जन-जन से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपनी सामर्थ्य अनुसार बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी का प्रबंध सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं मनीष मंत्री ने मुहिम की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संतुलन और जीव सेवा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है। समारोह के अंत में उपस्थित परिजनों और मित्रों ने गोयल दंपत्ति के सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। यह आयोजन समाज के लिए एक संदेश दे गया कि व्यक्तिगत खुशियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर ही उन्हें सार्थक बनाया जा सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
