सवाई माधोपुर: 'भारत को जानो' प्रतियोगिता में नवदीप स्कूल की टीमें विजेता बनीं
कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर नवदीप पब्लिक स्कूल की टीमें अब 4 अक्टूबर को करौली में प्रांतीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के हॉल में प्रश्न मंच प्रतियोगिता में भाग लेते स्कूली विद्यार्थी।
सवाई माधोपुर। भारत विकास परिषद शाखा मानटाउन की ओर से शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन बालिका आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन परिसर में किया गया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल कर मानटाउन शाखा का नाम रोशन किया।
शाखा सचिव उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता राजस्थान पूर्व के प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत गर्ग के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रदीप गर्ग की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने में शाखा गतिविधि संयोजक-संस्कार ज्ञानेंद्र गुप्ता एवं ‘भारत को जानो’ प्रकल्प के प्रभारी प्रभाकर शर्मा की मुख्य भूमिका रही।
प्रतियोगिता में शहर के 8 विद्यालयों—बालिका आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्राइट सन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता देवी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेप बाय स्टेप इंग्लिश स्कूल, सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रीजनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कनिष्ठ वर्ग में नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की भावना गुर्जर व संजना मीना की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में इसी विद्यालय के विशाल सिंह राजावत व अमृत यादव विजेता रहे। दोनों विजेता टीमें आगामी 04 अक्टूबर 2026 को करौली में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच प्रतियोगिता में मानटाउन शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार कनिष्ठ वर्ग में सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल और रीजनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमें संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान सेंट पॉल्स इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल के प्रबंधन में सभी अतिथिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर शाखा गतिविधि संयोजक-पर्यावरण ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा एवं सदस्य अशोक कुमार जैन ने मंच संचालन व व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग दिया।
सभी अतिथियों एवं दायित्वधारियों ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा आगामी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में नवदीप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमों की जीत के साथ अब उनका अगला मुकाबला 04 अक्टूबर 2026 को करौली में होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में होगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
