सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली सर्व समाज महा भगवा कावड़ यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के नगर अध्यक्ष नरेश सिंधी के नेतृत्व में कावड़ यात्रा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मोनू मानेसर से मिले और उन्हें आगामी कावड़ यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोनू मानेसर का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया तथा उनसे कावड़ यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने यात्रा को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी भी साझा की।

नगर अध्यक्ष नरेश सिंधी ने बताया कि इस वर्ष सर्व समाज महा भगवा कावड़ यात्रा की 13वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी, जिसे पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा के आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां जारी हैं।

उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार शोलेश्वर महादेव मंदिर से पवित्र जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भव्य भगवा कावड़ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन, सजीव धार्मिक झांकियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

आयोजन समिति ने समस्त हिंदू समाज से कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इसके साथ ही यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story