सवाई माधोपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति सवाई माधोपुर के ब्लॉक विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबंधक जगदीश प्रसाद मीणा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत की मांग और शिकायत

  • एसीबी को शिकायत मिली थी कि बीडीओ जगदीश मीणा परिवादी और उसके दो साथियों को बीपीएम की नौकरी से कार्यमुक्त नहीं करने तथा लंबित यात्रा भत्ता व अन्य बिल पास करने की एवज में तीनों से एक-एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
  • आरोप है कि दोनों साथियों की रिश्वत राशि भी परिवादी से ही एकत्र कर लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

एसीबी की ट्रैप कार्रवाई

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर उप महानिरीक्षक पुलिस द्वितीय आनंद शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी को परिवादी से 1 लाख रुपये लेते हुए दबोच लिया। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन तथा महानिरीक्षक पुलिस सतेन्द्र कुमार के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

आवासों पर तलाशी और सर्च

"एएसपी भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी के सवाई माधोपुर स्थित सरकारी आवास पर टोंक एसीबी तथा कोटा स्थित निजी आवास पर कोटा एसीबी द्वारा सर्च कार्रवाई की जा रही है और दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।"

प्रशासनिक महकमे में हड़कंप

गौरतलब है कि सोमवार को ही एसीबी ने जिले में बीसीएमएचओ को ट्रैप किया था। लगातार दो दिन में हुई इन कार्रवाइयों से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि इन सख्त कार्रवाइयों के बाद भी अधिकारियों पर लगाम लगती है या भ्रष्टाचार का खेल यूं ही जारी रहता है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story