सवाई माधोपुर: अवैध खनन पर बाटोदा पुलिस की कार्रवाई, 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
पुलिस ने बजरी और पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, फरार 5 अन्य चालकों की तलाश जारी है।

तस्वीर में पुलिस थाना परिसर के बाहर चार पुलिसकर्मी एक आरोपी व्यक्ति के साथ खड़े हैं, और उनके पीछे जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी दिखाई दे रही हैं।
जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाटोदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी परिवहन में 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा अवैध पत्थर परिवहन में 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पांच वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच अन्य चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू बौंली (चार्ज) श्री सतीश वर्मा आरपीएस एवं पुलिस उपाधीक्षक वृत बामनवास श्री सीताराम मीणा आरपीएस के निकटतम सुपरवीजन में थाना बाटोदा के थानाधिकारी श्री जगदीश चंद्र, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की गईं।
कार्रवाई के तहत 26 जून 2026 को थाना स्तर पर चार अलग-अलग टीमों का गठन कर त्वरित अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध बजरी का परिवहन कर रही 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा अवैध पत्थर का निर्गमन एवं परिवहन कर रही 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। इस कार्रवाई में कुल 10 वाहन जब्त किए गए तथा पांच वाहन चालकों को गिरफ्तार कर चार प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं पांच अन्य वाहन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से अनुसंधान जारी है तथा फरार पांच वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश पुत्र किशनलाल, जाति गुर्जर, उम्र 27 वर्ष, निवासी मोरपा थाना बाटोदा, रुकमकेश मीना पुत्र मीठालाल मीना, उम्र 35 वर्ष, निवासी भावड थाना बाटोदा जिला सवाई माधोपुर, सिंहराज मीना पुत्र रामधन मीना, उम्र 40 वर्ष, निवासी फुलवाडा थाना बाटोदा जिला सवाई माधोपुर, रामसिंह पुत्र रामजीलाल, जाति मीना, उम्र 28 वर्ष, निवासी भरतून थाना सपोटरा जिला करौली तथा दीपक पुत्र रमेश, जाति गुर्जर, उम्र 19 वर्ष, निवासी भरतून थाना सपोटरा जिला करौली शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई थाना बाटोदा के थानाधिकारी श्री जगदीश चंद्र के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में उपनिरीक्षक श्री राधेश्याम, उपनिरीक्षक श्री दिलीप श्रीवास्तव, हैड कांस्टेबल श्री सुरेन्द्र सिंह, श्री केशव सिंह, श्री खुशीराम तथा कांस्टेबल श्री हेमन्त, श्री नीरज सिंह, श्री गोरधन, श्री रत्तिराम, श्री यदुवीर, श्री रामेन्द्र, श्री पुष्पेन्द्र, श्री जय सिंह, श्री शीशराम, श्री रामवीर एवं चालक कांस्टेबल श्री हरिमोहन शामिल रहे।
अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध थाना बाटोदा पुलिस की यह कार्रवाई जिले में खनन माफियाओं पर सख्त शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
