सवाई माधोपुर में ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर.सेटी.) द्वारा आयोजित 12 दिवसीय निःशुल्क डेयरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए 35 ग्रामीण प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा संचालित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर.सेटी.) की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख रामलाल बुनकर मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान निदेशक नीरज कुमार गोपालिया ने की, जबकि नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक पुनीत हरित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र बैरवा, लोकेश जांगिड़, मनराज माली, निरमा चौधरी, कपिल कुमार, रमजू गुर्जर सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना रहा।

समापन अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के उपमहाप्रबंधक ने ग्रामीण युवाओं को उद्यमिता के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बैंक के 119वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बैंक के स्वर्णिम इतिहास की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में बैंकों का योगदान महत्वपूर्ण है तथा बैंकों के माध्यम से उद्यमी युवा अपने सपनों को पूरा कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।

इस अवसर पर सहायक लीड बैंक प्रबंधक हरिकेश मीणा ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग एवं ऋण से जुड़ी जानकारी दी। संस्थान निदेशक नीरज कुमार गोपालिया ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को डेयरी पालन के साथ-साथ व्यावहारिक एवं उद्यमिता विकास संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड विजिट के माध्यम से उन्नत डेयरी फार्म तकनीक, बायोगैस निर्माण, जीवामृत-स्लरी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट में मावा-पनीर निर्माण, ऑर्गेनिक फार्मिंग सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही बैंकों की विभिन्न सरकारी योजनाओं, मुख्यतः मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त करने के लिए संबंधित बैंकों से ऋण सहायता लेने का उचित परामर्श भी दिया गया।

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय स्थित बड़ौदा आर.सेटी. द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निःशुल्क आवासीय स्किल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। संस्थान में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्रेशन बंबोरी चौराहा स्थित संस्थान कार्यालय में जारी है।

आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सिलाई मशीन, सॉफ्ट टॉयज निर्माण, आर्टीफिशियल आभूषण निर्माण, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कंपोस्ट निर्माण, ब्यूटी पार्लर एवं सैलून, एसी-फ्रिज रिपेयरिंग, सीसीटीवी इंस्टालेशन, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सहित विभिन्न प्रशिक्षण शामिल हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story