सवाई माधोपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बागडोली ने सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में ऐतिहासिक सफलता दर्ज करते हुए क्षेत्र का मान बढ़ाया है। विद्यालय का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने और दो बालिकाओं द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने की उपलब्धि पर ग्राम पंचायत बागडोली के सरपंच श्री गंभीरमल गुर्जर एवं समस्त ग्रामीणों द्वारा ग्राम चौपाल पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।

प्रधानाचार्य लक्ष्मण कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान में डीजे के साथ पूरे गांव में एक गौरव रैली निकाली गई। इस दौरान ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर एवं माला-साफा पहनाकर विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। रैली के पश्चात ग्राम चौपाल पर सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य श्री मेघराज मीणा ने परीक्षा परिणामों का विवरण देते हुए बताया कि इस वर्ष कक्षा 12वीं के कुल 46 विद्यार्थियों में से 20 छात्र प्रथम श्रेणी और 26 छात्र द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। विशेष रूप से बालिका सपना मीणा ने 93.40% और शमा बानो ने 92.80% अंक प्राप्त कर विद्यालय व गांव का नाम रोशन किया है। इसी क्रम में कक्षा 10वीं में बालिका अल्फिया बानो ने 79% अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य यथावत श्री हरिश्चंद्र बैरवा ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की पांच वर्षों की कठोर मेहनत और समर्पण को दिया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यालय का परीक्षा परिणाम निरंतर उत्कृष्ट बना हुआ है। समारोह के दौरान सरपंच गंभीरमल गुर्जर ने सभी मेधावी छात्रों को माला-साफा पहनाकर, स्मृति चिन्ह और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। स्थानीय विद्यालय की ओर से भी प्रोत्साहन स्वरूप विद्यार्थियों को पानी की बोतल और टिफिन भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य लक्ष्मण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को निरंतर कड़ा परिश्रम करने और भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया। इस गौरवमयी अवसर पर समस्त विद्यालय स्टाफ, एसडीएमसी सदस्य, अभिभावक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story