सवाई माधोपुर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह एवं रोजगार उत्सव के लाइव प्रसारण को लेकर जिलेभर में उत्साह देखने को मिला। निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह तथा अलवर में आयोजित रोजगार उत्सव का राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय सहित विभिन्न स्थानों पर लाइव प्रसारण किया गया। जिलेभर में आयोजित अटल गौरव स्मृति कार्यक्रमों में 17 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, सवाई माधोपुर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी हरज्ञान मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत ‘जल अर्पण’ के माध्यम से जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण जल योजनाएं आमजन को समर्पित की गईं। राज्य स्तर पर 2,500 गांवों की 1,212 पूर्ण जल योजनाओं के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले में भी 65 से अधिक गांवों की पूर्ण जल योजनाओं का जल अर्पण किया गया। इससे संबंधित गांवों में पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने उपस्थित सभी जनों को जल के कुशलतम उपयोग की शपथ दिलाई।

रोजगार उत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के 139 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इनमें चिकित्सा विभाग के 66, माध्यमिक शिक्षा के 45, राजस्व के 7, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के 6, कॉलेज शिक्षा के 5, आयुर्वेद के 4, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 2 तथा कृषि, सार्वजनिक निर्माण विभाग, सांख्यिकी एवं जल संसाधन विभाग के 1-1 नवचयनित युवा शामिल हैं।

नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने कहा कि सरकारी सेवा आमजन की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता चन्द्रमोहन शर्मा एवं वरिष्ठ अध्यापिका मीना शर्मा ने किया। अटल गौरव स्मृति समारोह और रोजगार उत्सव के माध्यम से जिले में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के साथ जल योजनाओं के समर्पण और 139 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।

फोटो कैप्शन : राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, सवाई माधोपुर में अटल गौरव स्मृति समारोह एवं रोजगार उत्सव के लाइव प्रसारण में उपस्थित अधिकारी एवं आमजन।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story