आदिवासी क्षेत्रों में 13 से 15 अगस्त तक लगेंगे ‘आदि सेवा केन्द्र’ जनसुनवाई एवं पात्रता शिविर
सवाई माधोपुर में 13 से 15 अगस्त 2026 तक आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई एवं पात्रता शिविर होंगे। 188 केन्द्रों पर जनजातीय नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी।

जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सवाई माधोपुर जिले में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत 13 से 15 अगस्त 2026 तक आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई एवं पात्रता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र योजनाओं के लिए आवेदन करने तथा शिकायतों के पंजीकरण एवं निस्तारण की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माडा) गौरव बुडानिया ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, कृषि, वन, राजस्व, जल शक्ति, बैंकिंग सहित संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिविरों में अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के पात्र नागरिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही शिकायतों का पंजीकरण एवं निस्तारण, जरूरतमंद परिवारों की पहचान तथा आवश्यक मामलों में अनुवर्ती कार्रवाई भी की जाएगी।
आदि कर्मयोगी स्वयंसेवक लाभार्थी पंजीकरण, जागरूकता एवं शिकायतों के दस्तावेजीकरण में सहयोग करेंगे। जिले के 188 आदि सेवा केन्द्रों पर 13 एवं 14 अगस्त को जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जनजातीय क्षेत्र के नागरिकों से अपने निकटतम आदि सेवा केन्द्र पर आयोजित शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, पात्रतानुसार आवेदन करने एवं अपनी समस्याएं दर्ज कराने का आह्वान किया है। इन शिविरों के जरिए जनजातीय समुदाय के पात्र नागरिकों को योजनाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
