सवाई माधोपुर। नव वर्ष के आगमन पर जहाँ पूरी दुनिया जश्न के उल्लास में डूबी थी, वहीं सवाई माधोपुर के सकल दिगंबर जैन समाज ने अपनी प्राचीन परंपराओं और अटूट श्रद्धा के साथ धर्म आराधना कर एक नई मिसाल पेश की। नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न जिनालयों में नव वर्ष का स्वागत भक्तिमय वातावरण में किया गया, लेकिन आकर्षण का मुख्य केंद्र अहिंसा सर्किल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कार जी रहा। यहाँ सेवा मंडल चमत्कार जी की रजत जयंती और नव वर्ष महोत्सव के दोहरे संयोग ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिकता के रंग में सरोबोर कर दिया।

नए वर्ष की मंगल बेला पर श्रद्धालुओं ने अपने दिन की शुरुआत जिनेंद्र भगवान के दर्शन और अभिषेक के साथ की। समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन के अनुसार, भक्तों ने अशुभ कर्मों के क्षय और पुण्य के संचय की भावना के साथ रजत कलशों से भगवान का अभिषेक किया। शांतिधारा के पावन मंत्रों के बीच जिनेंद्र देव को चंवर ढुलाए गए, जिससे मंदिर प्रांगण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण सेवा मंडल द्वारा आयोजित 'भक्तामर मंडल विधान' रहा। पंडित आशीष जैन शास्त्री के सानिध्य में मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जहाँ भीलवाड़ा से आए सत्येंद्र जैन एंड पार्टी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्ति के इस सागर में गोते लगाते हुए श्रद्धालुओं ने मंडल पर श्रीफलयुक्त 48 अर्घ्य समर्पित कर विश्व शांति की कामना की।

विधान पूजन की गरिमा को बढ़ाते हुए मीनाक्षी सेठी, महावीर-निर्मला अनोपड़ा और चंद्र प्रकाश छाबड़ा ने मंडल पर मंगल कलश की स्थापना की, जबकि लाड़लीप्रसाद और रितू बाकलीवाल ने विधि-विधान से मंगल दीपक प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेवा मंडल के महामंत्री गौरव बज, कोषाध्यक्ष अरुण गोधा और पूजन व्यवस्था संयोजक विमल सौगाणी ने पूरी तन्मयता से व्यवस्थाओं का संचालन किया, जिससे महोत्सव निर्बाध रूप से संपन्न हुआ। इससे पूर्व, नव वर्ष की पूर्व संध्या पर भी भक्ति का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब भक्तामर स्तोत्र के पाठ के साथ 48 दीपकों से भगवान आदिनाथ की दीपार्चना की गई। आचार्य मानतुंग रचित काव्य की मधुर लहरियों और 'जय जिनेंद्र' के जयघोष ने संपूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। अंत में भगवान आदिनाथ की महाआरती के साथ समाज के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी, जो सामाजिक सौहार्द और धार्मिक निष्ठा का जीवंत उदाहरण बन गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story