सवाई माधोपुर: 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, सीकर विजेता
17 और 19 वर्ष आयुवर्ग में सीकर की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया, भामाशाहों और शारीरिक शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

तस्वीर में बास्केटबॉल कोर्ट में हरे और काले खेल परिधान पहने विजेता खिलाड़ी जश्न मनाते हुए।
सवाई माधोपुर, 7 अक्टूबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन के संयोजन में 1 अक्टूबर से आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17/19 आयुवर्ग छात्र क्रीड़ा प्रतियोगिता का बुधवार, 7 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ लाल मीना के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक मीना रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीना ने की, जबकि सह अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक हरकेश लाल मीना और सीबीईओ जगदीश नागर ने शिरकत की।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले भामाशाह, एडीईओ अजय शर्मा, संतोष मीना, पर्यवेक्षक राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उप जिला शिक्षा अधिकारी विजयराम मीना, स्कूल शिक्षा परिवार के सदस्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राउमावि मानटाउन चन्द्र शेखर जोशी ने प्रतियोगिता आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में भामाशाहों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। भामाशाहों ने खिलाड़ियों के आवास, भोजन, अल्पाहार सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयुवर्ग में खेल छात्रावास सीकर की टीम प्रथम और जैसलमेर अकादमी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। 19 वर्ष आयुवर्ग में सत्र पर्यन्त सीकर की टीम प्रथम तथा कोटा की टीम द्वितीय स्थान पर रही। 17 वर्ष आयुवर्ग में जयपुर प्रथम की टीम तृतीय स्थान पर रही, जबकि 19 वर्ष आयुवर्ग में सीकर अकादमी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले भामाशाहों, निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों और व्यवस्थाओं में जुटे कार्मिकों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से प्रतिस्पर्धा एवं नेतृत्व का गुण विकसित होता है।
मुख्य अतिथि दीपक मीना ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में पिछड़ने वाली टीमों से निराश न होकर पुनः प्रयास में जुटने और फिर से तैयारी करने की बात कही।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीना ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन में सभी का सराहनीय एवं अतुलनीय योगदान मिला है। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेकर प्रदेश का नाम रोशन करने की बात कही।
प्रतियोगिता संयोजक चन्द्र शेखर जोशी ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग करने वालों का आभार जताया और सफल कार्यक्रम आयोजन की बधाई दी। प्रतियोगिता का समापन प्रतियोगिता के ध्वज का अवतरण कर किया गया। इसके बाद ध्वज प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राउमावि मानटाउन चन्द्र शेखर जोशी को सौंपा गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक, निर्णायक, व्यवस्थाओं में जुटे कार्मिक, टीमों के खिलाड़ी एवं टीम प्रभारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन चन्द्र मोहन शर्मा और गीता जैलिया ने किया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
