सवाई माधोपुर, 17 नवम्बर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर चौथ का बरवाड़ा जिले में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश फैलाने के लिए भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों नागरिकों, युवाओं, स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने भाग लिया।

माय भारत इनिशिएटिव के तहत आयोजित इस पदयात्रा की शुरुआत गुडला के बालाजी से होकर ट्रस्ट धर्मशाला तक हुई। राज्य संयोजक एवं खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल और जिला कलक्टर काना राम ने हरी झंडी दिखाकर मार्च की शुरुआत की। पदयात्रा मार्ग में एस्सार पेट्रोल पंप, उपखण्ड कार्यालय, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार और भेड़ोला चौराहा शामिल थे, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों के साथ देशभक्ति का माहौल बनाया।

मार्च से पूर्व ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जिला कलक्टर और जनप्रतिनिधियों ने अर्जुन व करंज सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया। प्रतिभागियों को ‘मेरा युवा भारत’ की टी-शर्ट भी वितरित की गई। युवाओं ने भारत माता, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आज़ाद के रूप में सजकर रैली को और आकर्षक बनाया।

विधायक जितेंद्र गोठवाल ने अपने संबोधन में बताया कि भारत सरकार द्वारा 6 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक आयोजित सरदार@150 कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं में एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने सरदार पटेल के योगदान और उनके संदेश को गांव-गांव तक पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

जिला कलक्टर काना राम ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से नशामुक्ति और राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। खंडार विधायक ने स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। मार्च के दौरान सामूहिक राष्ट्रगान का वाचन भी किया गया।

यूनिटी मार्च में राजस्थानी लोक वाद्ययंत्रों, ऊंट-घोड़ा-गाड़ी, पद दंगल, नौबत-घेरा और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने रैली को और जीवंत बना दिया। मार्ग में पुष्प वर्षा और स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बालिकाओं और युवाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और नागरिकों का जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी जोगिंदर सिंह, तहसीलदार नीरज सिंह, विकास अधिकारी इंद्र मीणा, खंडार प्रधान नरेंद्र चौधरी, चौथ का बरवाड़ा प्रधान शशिकला, बौंली प्रधान कृष्णा पोसवाल, समाजसेवी बाबूलाल, भरतलाल मथुरिया, सुरेशचन्द जैन सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story