हाल ही गंगापुर शहर में सम्पन्न हुए सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज के चुनाव में संपूर्ण ब्राह्मण समाज के मत एवं समर्थन से लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने वाले नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा एवं समस्त नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कुहू इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी विद्यालय परिवार की ओर से नसिया कॉलोनी स्थित विजयलक्ष्मी ऑडिटोरियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष वासुदेव शर्मा, महामंत्री राकेश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा, संगठन मंत्री घनश्याम शर्मा, सह सचिव मनोज शर्मा एवं भंडारी विजेंद्र शर्मा मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने आराध्य देव भगवान श्री परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय परिवार की प्रधानाचार्य डॉ. मिथलेश शर्मा के नेतृत्व में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहायक कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों का माला एवं साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह के दौरान समाज के चुनाव को निष्पक्ष एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ ब्रह्मजनों एवं अधिवक्ताओं का भी माला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार ने शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित चुनाव सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने कहा कि समाज ने लगातार तीसरी बार उन्हें अपना विश्वास और समर्थन देकर जो ऐतिहासिक जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस विश्वास को वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज की सेवा में समर्पित करेंगे।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं और मातृशक्ति के सहयोग एवं मार्गदर्शन से आगामी दो वर्षों में समाज की उन्नति के लिए सकारात्मक, रचनात्मक एवं प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार, युवाओं की भागीदारी, महिलाओं की सक्रिय सहभागिता तथा जरूरतमंद समाजबंधुओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का प्रयास रहेगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि चुनाव में मिली यह तीसरी जीत किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक विश्वास, एकजुटता और सकारात्मक सोच की जीत है। उन्होंने समस्त समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का मंच संचालन समाज के युवा धनेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की प्रधानाचार्य डॉ. मिथलेश शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं समस्त कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज की मातृशक्ति से सामाजिक कार्यक्रमों एवं समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुहू इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सहायक कर्मचारी, समाज के अनेक प्रबुद्धजन, युवा एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। समारोह सौहार्द, उत्साह एवं आत्मीयता के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story