समाज कल्याण सप्ताह 1 से 7 अक्टूबर तक, वृद्धजन से विशेष योग्यजन कल्याण तक होंगे कार्यक्रम
सवाई माधोपुर में 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक समाज कल्याण सप्ताह आयोजित होगा। वृद्धजन, अनुसूचित जाति, बंदी, बच्चे, महिलाएं, बालिकाएं और विशेष योग्यजनों के लिए विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

सवाई माधोपुर, 28 सितम्बर। अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार सवाई माधोपुर में 1 से 7 अक्टूबर, 2026 तक समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि सप्ताह के दौरान वृद्धजन, अनुसूचित जाति, बंदी, बच्चे, महिलाएं एवं बालिकाएं, विशेष योग्यजन तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाज कल्याण सप्ताह के प्रथम दिन 1 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 11ः30 बजे घुड़ासी रोड़ स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सवाई माधोपुर में वृद्धजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं के तहत पेंशन स्वीकृति, वृद्धजन व्यक्तियों का सम्मान, उनके अधिकारों के प्रति जन चेतना जागृत करना, चिकित्सा संबंधी जांच तथा मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में आवासित वृद्धजनों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही समस्त विद्यालयों, पंचायतों और ब्लॉक स्तर पर वृद्धजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में माता-पिता, दादा-दादी, बच्चों, नाना-नानी की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
सप्ताह के दूसरे दिन 2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 8ः30 बजे गुलाब बाग स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद अनुसूचित जाति की समस्याओं एवं अस्पृश्यता निवारण पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी। प्रातः 10 बजे अनुसूचित जाति की बस्तियों में बिजली और पेयजल सुविधाओं की उपलब्धता में तकनीकी खराबी का निवारण तथा स्वच्छकार बस्तियों में साफ-सफाई कराई जाएगी। इसी दिन प्रातः 11 बजे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सवाई माधोपुर में एस.सी./एस.टी. अत्याचार के सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस मनाया जाएगा। अपरान्ह 3 बजे जिला कारागृह सवाई माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कारागृह के बंदियों की समस्याओं एवं परिवीक्षा अधिनियम पर विचार गोष्ठी होगी। पालनहार योजना के लाभ पात्र बंदियों के प्रकरण तैयार किए जाएंगे। बंदियों की पारिवारिक भूमि एवं विवादों की जानकारी प्राप्त कर उनके निपटारे में सहायता की जाएगी। प्रचलित नियमों के अनुरूप बंदियों को परिवारों से मिलवाने तथा उनके व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ करने के कार्य भी किए जाएंगे।
सप्ताह के चौथे दिन 4 अक्टूबर को बाल दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 11 बजे अधीक्षक राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह सवाई माधोपुर, राजकीय एवं अनुदानित बाल गृह/छात्रावास, संबंधित आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा ब्लॉक स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालयों में बाल दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान निराश्रित बालिकों को फोस्टर केयर उपलब्ध कराने, बच्चों की स्वास्थ्य एवं खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करने तथा कमजोर वर्ग एवं कच्ची बस्तियों के बच्चों को चिकित्सा विभाग की सहायता से रोग निरोधक टीके और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के कार्य होंगे। बाल गृहों का निरीक्षण, छात्रावासों/निराश्रित बाल गृहों में चिकित्सकीय परीक्षण और उन्हें स्वच्छता के बारे में विस्तृत जानकारी देने के साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
5 अक्टूबर को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 11 बजे महिला अधिकारिता विभाग द्वारा महिलाओं की समस्याओं पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम के तहत महिला अधिकारिता विभाग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा समस्त राजकीय आवासीय विद्यालय सवाई माधोपुर में बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा एवं बाल अधिकार विषय पर चित्रकला/पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
सप्ताह के छठे दिन 6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस मनाया जाएगा। प्रातः 11 बजे राजकीय देवनारायण कन्या छात्रावास ठींगला सवाई माधोपुर में सामाजिक कुरीतियों दहेज, बाल-विवाह, पर्दा प्रथा, मृत्यु भोज और नशामुक्ति कार्यक्रम पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी। इस दौरान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनचेतना का प्रयास किया जाएगा।
समाज कल्याण सप्ताह का अंतिम दिन 7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस एवं समापन समारोह के रूप में मनाया जाएगा। प्रातः 11 बजे समस्त विशेष योग्यजन अनुदानित स्वयंसेवी संस्था द्वारा विशेष योग्यजनों के लिए संचालित विशेष विद्यालयों के माध्यम से शिक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ किए जाएंगे और खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला कार्यालय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में विशेष योग्यजनों को कृत्रिम/अंग उपकरण सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही समाज कल्याण सप्ताह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस प्रकार 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित समाज कल्याण सप्ताह में जिले में वृद्धजन, अनुसूचित जाति, बंदी, बच्चे, महिलाएं एवं बालिकाएं, सामाजिक जागरूकता और विशेष योग्यजन कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को निर्धारित तिथियों और स्थानों पर संचालित किया जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
