सम्पूर्ण सवाई माधोपुर जिले में 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगी सुनवाई
सवाई माधोपुर में 10 अक्टूबर को तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी, जिसमें आपसी समझौते से मामलों का निस्तारण होगा।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर 2026 को सवाई माधोपुर में आयोजित होने वाली तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आधिकारिक सूचना पोस्टर।
सवाई माधोपुर, 08 अक्टूबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की अध्यक्ष श्रीमती अनु अग्रवाल के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 अक्टूबर 2026 शनिवार को किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत एडीआर सेंटर सवाई माधोपुर, जिला मुख्यालय स्थित न्यायालयों के साथ-साथ तालुका विधिक सेवा समितियों गंगापुर सिटी, बौंली, बामनवास, खंडार एवं चौथ का बरवाड़ा में आयोजित होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय आपके द्वार की भावना को साकार करने तथा आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के साथ प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों को भी आपसी समझाईश एवं सहमति के आधार पर निस्तारित कराने के प्रयास किए जाएंगे।
लोक अदालत में शमनीय फौजदारी प्रकरण, चैक अनादरण संबंधी प्रकरण, बैंक ऋण एवं वित्तीय संस्थाओं से संबंधित मामले, मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर संबंधी प्रकरण, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, उपभोक्ता संबंधी प्रकरण, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, राजस्व संबंधी प्रकरण, नल एवं बिजली बिलों के भुगतान संबंधी प्रकरण, ऋण विवाद तथा अन्य सिविल एवं राजीनामा योग्य प्रकरणों का निस्तारण आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं संबंधित तालुका विधिक सेवा समितियों की ओर से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता एवं समझाईश अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित न्यायालयों, पैनल अधिवक्ताओं और पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व तथा इसके माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण से होने वाले लाभों की जानकारी दी जा रही है।
सचिव समीक्षा गौतम ने आमजन एवं सभी संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से निस्तारण करवाने के लिए सक्रिय रूप से भाग लें। पक्षकार अपने संबंधित न्यायालय अथवा संबंधित तालुका विधिक सेवा समिति से संपर्क कर अपने प्रकरण को राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए रखवा सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक रहेगा। पक्षकार अपने संबंधित न्यायालय अथवा तालुका विधिक सेवा समिति में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने प्रकरण के निस्तारण की कार्यवाही में भाग ले सकते हैं। इस आयोजन के माध्यम से जिले में लंबित और प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों के आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निस्तारण का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
