सवाई माधोपुर, 4 अक्टूबर। रणथंभौर बाघ परियोजना में वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत विद्यार्थियों और ग्रामीण महिलाओं को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां जारी हैं। 1 से 7 अक्टूबर तक मनाए जा रहे वन्यजीव सप्ताह के तहत वन भ्रमण, स्वच्छता कार्यक्रम, वन्यजीव आधारित प्रतियोगिताएं और पारंपरिक मंडाना गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक रणथंभौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह तथा उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह के निर्देशन में सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू के संयोजन में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

वन्यजीव सप्ताह के शुभारंभ पर आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, विवेकानंदपुरम के विद्यार्थियों का तिलक-माला एवं वाइल्डलाइफ कैप पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें जंगल के ईकोसिस्टम, ग्रासलैंड, जैव विविधता तथा वन एवं वन्यजीवों के महत्व की जानकारी दी गई। वन्यजीव आधारित फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई।

गांधी जयंती पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रावल, भूरीपहाड़ी, डूंगरी, बसो कला, महारों, भावपुर एवं खिदरपुर जादौन के विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रावल विद्यालय की छात्राओं को जूट बैग वितरित किए गए और उन्हें जंगल भ्रमण भी कराया गया।

राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, माउंट आबू की छात्राओं को नेशनल पार्क का वन भ्रमण कराया गया। इस दौरान वन्यजीव आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

4 अक्टूबर को कुतलपुरा मालियान की ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं के लिए पारंपरिक ‘मंडाना’ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें उन्होंने वन्यजीव एवं पर्यावरण आधारित मंडाने बनाकर लोककला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

ग्रामीण महिलाओं को रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण भी कराया गया। भ्रमण के दौरान उन्हें ईकोसिस्टम, ग्रासलैंड, वन संपदा, पक्षियों एवं वन्यजीवों के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को जूट बैग भी वितरित किए गए।

मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक एस.पी. सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं को प्रकृति और वन्यजीवों से जोड़ना वन्यजीव सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य है। उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह ने जंगलों को स्वच्छ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने में सहभागिता का आह्वान किया।

वन्यजीव सप्ताह के तहत आगामी दिनों में भी स्थानीय विद्यालयों, ग्रामीणों एवं वन्यजीव प्रेमियों की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह सप्ताहभर चलने वाली गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को वन, वन्यजीव, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story