रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में दुर्लभ कछुए की सफल सर्जरी, निकाला मछली का कांटा
चिकित्सा दल ने 45 मिनट के ऑपरेशन के बाद कछुए के जबड़े में फंसे कांटे को निकाला और स्वस्थ होने पर उसे प्राकृतिक आवास में पुनर्वासित किया।

रणथम्भौर के वन्यजीव चिकित्सालय में डॉ. चंद्रप्रकाश मीणा और उनकी टीम ने एक दुर्लभ कछुए का सफल ऑपरेशन किया, जिसके जबड़े में मछली का कांटा फंसा हुआ था।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के वन्यजीव चिकित्सालय में एक दुर्लभ कछुए की सफल शल्य चिकित्सा कर वन्यजीव संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया। कछुए के ऊपरी जबड़े में मछली का कांटा धागे सहित फंसा हुआ था, जिसे जनरल एनेस्थीसिया देकर सावधानीपूर्वक ऑपरेशन के माध्यम से निकाला गया और सोमवार को उसे स्वस्थ अवस्था में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
वनपाल नाका मलारना स्टेशन आरती शर्मा ने कछुए का रेस्क्यू कर उसे तत्काल वन्यजीव चिकित्सालय पहुंचाया। इसके बाद मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) शारदा प्रताप सिंह के निर्देशन तथा डीएफओ रणथम्भौर मानस सिंह के मार्गदर्शन में उपनिदेशक (पशुपालन) डॉ. चंद्रप्रकाश मीणा और उनकी टीम ने करीब 45 मिनट तक सर्जरी कर कांटे को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला। उपचार के उपरांत कछुए को आवश्यक दवाइयां दी गईं और स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे उसकी प्राकृतिक टेरिटरी में पुनः छोड़ने के निर्देश दिए गए।
विशेषज्ञों के अनुसार कछुए पारिस्थितिकी तंत्र के “इकोसिस्टम इंजीनियर” माने जाते हैं, जो जलीय और स्थलीय पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के अंतर्गत संरक्षित है, जिसके संरक्षण की जिम्मेदारी समाज और सरकार दोनों पर समान रूप से है। यह सफल उपचार वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
