रणथंभौर में पर्यटन विस्तार के लिए उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
होटल फेडरेशन ने सवाई माधोपुर में बायोलॉजिकल पार्क, ई-वाहन और सफारी सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग को लेकर पर्यटन मंत्री को प्रस्ताव दिया।

जयपुर के जेईसीसी में आयोजित 'दा ग्रेट इंडियन यात्रा बाजार' के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, सवाई माधोपुर के जिला अध्यक्ष काजी अहतशामुद्दीन (बाएं से दूसरे) राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को रणथंभौर में पर्यटन विकास हेतु ज्ञापन सौंपते हुए।
सोमवार को जयपुर के जेईसीसी में आयोजित ‘दा ग्रेट इंडीयन यात्रा बाजार’ कार्यक्रम में राजस्थान सरकार, जयपुर के माननीय उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, सवाई माधोपुर के जिला अध्यक्ष काजी अहतशामुद्दीन ने रणथंभौर (सवाई माधोपुर) में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार एवं नए प्रकल्पों के विकास हेतु ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि रणथंभौर वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले पर्यटकों के बेहतर अनुभव तथा स्थानीय पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। इसमें ‘रिजर्व फॉरेस्ट सफारी’ और बायोलॉजिकल पार्क के विकास का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया, जिसमें पर्यटकों के लिए ई-वाहनों के संचालन की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बताया गया कि रणथंभौर के जोन नंबर 1 से 10 में पर्यटकों का भारी दबाव रहता है, जिसके कारण कई बार पर्यटक सफारी का पूर्ण आनंद नहीं ले पाते। ऐसे में रणथंभौर रोड पर स्थित रीको और आईओसी की खाली पड़ी भूमि, जहां वर्तमान में सिलेंडर रिफिलिंग प्लांट बंद हो चुका है, को बायोलॉजिकल पार्क/सफारी पार्क के लिए उपयुक्त स्थान बताया गया। इसके लिए प्रशासनिक और वित्तीय कार्यवाही कर संबंधित विभागों से समन्वय के साथ शीघ्र एनओसी प्राप्त कर बजट आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया गया। साथ ही यहां वन्यजीव संरक्षण के साथ ट्रेक विकसित कर ई-वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अतिरिक्त सफारी वाहनों की संख्या एवं क्षमता में वृद्धि की आवश्यकता पर बल दिया गया। वर्तमान व्यवस्था में जोन 1 से 10 तक बढ़ते दबाव को देखते हुए नए वाहन शामिल करने तथा 10 सीटर जीप और 35 सीटर केंटर वाहनों को प्राथमिकता देने की मांग की गई, ताकि अधिक पर्यटकों को समायोजित किया जा सके।
पाली घाट स्थित क्रोकोडाइल सेंचुरी के सुदृढ़ीकरण को भी ज्ञापन में शामिल किया गया। इसमें बुनियादी सुविधाओं के विकास, पर्याप्त बजट आवंटन और व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता जताई गई। साथ ही यहां ‘कॉम्बो सफारी’ और ‘बोटिंग’ की सुविधाएं शुरू करने का सुझाव दिया गया, जिससे पर्यटकों को नया और रोमांचक अनुभव मिल सके।
ज्ञापन के अंत में सवाई माधोपुर के सर्वांगीण विकास और पर्यटन राजस्व में वृद्धि के मद्देनजर इन प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का निवेदन किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
