रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में चला रेबीज टीकाकरण अभियान, आवारा श्वानों को लगी वैक्सीन
विश्व रेबीज दिवस पर रणथम्भौर में आवारा श्वानों का टीकाकरण किया गया। अभियान का उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष और संक्रमण के जोखिम को कम करना है।

सवाई माधोपुर में आवारा श्वान को रेबीज रोधी वैक्सीन लगाते स्वास्थ्य कर्मी।
विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर रणथम्भौर टाइगर रिजर्व ने सवाई माधोपुर क्षेत्र में रेबीज की रोकथाम और जन-जागरूकता के लिए अभियान चलाया। अभियान के दौरान आवारा श्वानों का रेबीज टीकाकरण किया गया और आमजन को रोग से बचाव, श्वानों के टीकाकरण तथा श्वान के काटने की स्थिति में तत्काल उपचार की जानकारी दी गई।
मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक शारदा प्रताप सिंह के निर्देशन तथा उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह के मार्गदर्शन में आवारा श्वानों के लिए रेबीज टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पशुधन निरीक्षक जीत सिंह खंगार एवं फरहान खान ने श्वानों का टीकाकरण किया।
उप निदेशक रणथम्भौर टाइगर रिजर्व डॉ. चन्द्र प्रकाश मीणा के निर्देशन में सोशल मीडिया एवं पम्पलेट के माध्यम से आमजन को रेबीज रोग, श्वानों के टीकाकरण के महत्व, बचाव के उपाय तथा श्वान के काटने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
अभियान का उद्देश्य श्वानों में रेबीज संक्रमण की रोकथाम के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष एवं संक्रमण के संभावित जोखिम को कम करना तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा। समय पर श्वानों का टीकाकरण जनस्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व ने आमजन से श्वानों का समय-समय पर टीकाकरण करवाने की अपील की है। साथ ही श्वान के काटने की स्थिति में घाव को तत्काल साबुन/डेटॉल एवं स्वच्छ पानी से अच्छी तरह धोकर बिना विलम्ब चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक एंटी-रेबीज उपचार प्राप्त करने की अपील की गई है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
