रणथम्भौर में दुर्लभ घायल गिद्ध का सफल रेस्क्यू, डॉक्टरों ने बचाया जीवन
अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रेस का शिकार हुए दुर्लभ प्रजाति के गिद्ध को वन विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार और फ्लूड थेरेपी देकर दी नई जिंदगी।

रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय में बुधवार को वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा हीट स्ट्रेस से प्रभावित दुर्लभ प्रजाति के घायल गिद्ध का उपचार किया जा रहा है।
रणथम्भौर बाघ परियोजना सवाई माधोपुर के मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक एस.पी. सिंह के निर्देशन तथा उप वन संरक्षक मानस सिंह के मार्गदर्शन में दुर्लभ प्रजाति के एक गिद्ध (वल्चर) का रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय में सफल उपचार किया जा रहा है। यह गिद्ध मंगलवार को फलौदी रेंज क्षेत्र में घायल अवस्था में पाया गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर चिकित्सालय पहुंचाया।
उप निदेशक डॉ. चन्द्र प्रकाश मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि गिद्ध अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रेस से गंभीर रूप से प्रभावित था। चिकित्सालय में पहुंचने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल थर्मो रेग्युलेशन प्रक्रिया अपनाई गई तथा फ्लूड थेरेपी, ऑक्सीजन थेरेपी, विटामिन एवं इलेक्ट्रोलाइट्स प्रदान किए गए। इसके साथ ही उसे वातानुकूलित चेम्बर में रखकर तापमान नियंत्रित करते हुए विशेष चिकित्सीय देखभाल दी गई।
डॉ. मीणा ने बताया कि उपचार के अगले दिन बुधवार को गिद्ध की स्थिति में सकारात्मक सुधार देखा गया और उसने आहार के रूप में मांस खाना प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि उसका स्वास्थ्य लगातार बेहतर हो रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि गिद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत संरक्षित पक्षी है तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गिद्ध मृत पशुओं के अवशेषों के निस्तारण में सहायक होकर एन्थ्रेक्स, रेबीज एवं बोटूलिज्म जैसी घातक बीमारियों के प्रसार को रोकते हैं। साथ ही ये ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम कर जलवायु परिवर्तन नियंत्रण में भी योगदान देते हैं।
रेस्क्यू एवं उपचार कार्य में जसकरण मीणा, जीत सिंह, फरहान, खेमराज, बलराम एवं चतुर्भुज मीणा सहित वन विभाग एवं पशुपालन विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। उपचार के दौरान टीम की सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण गिद्ध के जीवन की रक्षा संभव हो सकी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
