हिंडौन सिटी। थाना सूरौठ के ग्राम भुकरावली में दलित युवक रामवीर जाटव की दबंगों द्वारा लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के प्रकरण ने अब तूल पकड़ लिया है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने शासन-प्रशासन के विरुद्ध आर-पार की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है। पार्टी के प्रदेश सचिव रिंकू कुमार जाटव खेड़ीहैवत ने इस वारदात को लोकतंत्र और मानवता पर काला कलंक करार देते हुए प्रदेश की चरमराती कानून व्यवस्था पर तीखे प्रहार किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली इस पूरे मामले में अत्यंत संदेहास्पद रही है, जहां जांच में जानबूझकर ढिलाई बरतने और आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्रदान करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। प्रदेश सचिव ने मांग की है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध आपराधिक षडयंत्र का मुकदमा पंजीकृत किया जाए।

न्याय की गुहार लगाते हुए राज्यपाल के नाम प्रेषित ज्ञापन में पार्टी ने १० सूत्रीय मांगों का उल्लेख किया है। इन प्रमुख मांगों में एफआईआर में नामजद सभी १० आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को ५० लाख रुपए की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सुनिश्चित कर दोषियों को मृत्युदंड दिलाने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, पीड़ित परिवार की सुरक्षा हेतु हथियार का लाइसेंस व सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने, दबंगों के कब्जे वाली ३०० बीघा चारागाह भूमि को २४ घंटे के भीतर अतिक्रमण मुक्त करने और पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने हेतु दर्ज कराए गए झूठे मुकदमों को तुरंत वापस लेने की भी पुरजोर मांग की गई है।

रिंकू खेड़ीहैवत ने प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्यवाही और मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो आजाद समाज पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मोदी करसौलिया, सागर पगारिया और पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश गुलपाड़िया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने संकल्प लिया है कि जब तक रामवीर के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष विराम नहीं होगा और आगामी दिनों में हिंडौन में बड़े स्तर पर जन-आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )

नाम: धीरज कुमार शर्मा

वर्तमान पद: हिंडौन संवाददाता (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान)

बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, कला और धार्मिक गतिविधियां

परिचय
धीरज कुमार शर्मा राजस्थान के करौली जिले के अंतर्गत आने वाले हिंडौन सिटी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह हिंडौन के स्थानीय समाचारों के साथ-साथ विशेष रूप से राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसके अलावा, कला और धार्मिक विषयों पर भी उनकी अच्छी पकड़ है और वह इन क्षेत्रों में भी रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

धीरज कुमार शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 15 साल का लंबा अनुभव है:

  • वह पिछले तीन वर्ष से लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और हिंडौन क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
  • 'प्रातः काल' से पहले उन्होंने 10 साल तक 'राष्ट्रदूत' अखबार में कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री प्राप्त की है।

Next Story