रामावतार मीना को जयपुर में मिलेगा अंतरराष्ट्रीय कर्म श्री अवार्ड
15 वर्षों के सामाजिक कार्यों और 20 वर्षों की निस्वार्थ लोक सेवा के लिए सवाई माधोपुर के मीना का अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच ने किया चयन।
सवाई माधोपुर के खिरखड़ी निवासी रामावतार मीना जिन्हें 13 मई को जयपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के कार्यक्रम में कर्म श्री अवार्ड से नवाजा जाएगा।
उपखंड के ग्राम खिरखड़ी निवासी प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता रामावतार मीना की निस्वार्थ सेवाओं को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच एवं इंडो नेपाल समरसता संगठन द्वारा आगामी 13 मई को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के पावन अवसर पर रामावतार मीना को प्रतिष्ठित 'कर्म श्री अवार्ड' से नवाजा जाएगा। जयपुर स्थित संगम टावर के पीछे रोटरी क्लब सभागार में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में न्यायपालिका और राजनीति जगत की दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट-हाई कोर्ट जज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति जीके राका, पूर्व कैबिनेट मंत्री जितेंद्र सिंह, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, राज्य मंत्री राजेंद्र कुमार नायक एवं राज्य मंत्री प्रहलाद राय टांक उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता प्रमुख विधिवेता एवं चांसलर श्री हुकम चंद गणेशीया द्वारा की जाएगी। स्क्रीनिंग कमेटी ने मीना के पिछले 15 वर्षों के सामाजिक सेवा के आंकड़ों और समाज के बीच उनकी सक्रिय भूमिका की सूक्ष्म जांच के पश्चात ही उन्हें इस गौरवशाली पुरस्कार के लिए चयनित किया है।
विदित रहे कि रामावतार मीना पिछले दो दशकों से निरंतर समाज सेवा, वृक्षारोपण, रक्तदान, गौसेवा और स्वच्छता के क्षेत्र में समर्पित हैं। उन्होंने मृत्यु भोज, दहेज प्रथा, छुआछूत और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक अभिशापों के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाए हैं। इसके अतिरिक्त विधवा व विशेष योग्यजन कल्याण, दहेज मुक्त विवाह, प्रतिभा सम्मान और असहाय वर्ग को आर्थिक संबल प्रदान करने में उनकी महती भूमिका रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी विवादों को समझाइश से सुलझाने और सांस्कृतिक मूल्यों एवं सनातन धर्म की रक्षार्थ उनके कार्यों को विशेष सराहना मिली है।
राजस्थान की चुनिंदा 51 प्रतिभाओं में सवाई माधोपुर जिले से चयनित होने वाले वह एकमात्र व्यक्तित्व हैं। इस उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मीना ने श्रीमद्भागवत गीता के ध्येय वाक्य 'कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन' का उच्चारण करते हुए कहा कि वे सदैव कर्म को ही प्रधान मानते हैं और निरंतर सेवा भाव का परिणाम ही यह सम्मान है। उनके निजी सचिव विशाल राजोरा ने बताया कि इस घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों और उनके शुभचिंतकों में हर्ष की लहर व्याप्त है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
