बौली। भारत-भूटान सोशल मिशन यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न कर क्षेत्र के युवा भाजपा नेता एवं राजस्थान सरकार के पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर तथा सामाजिक कार्यकर्ता राम अवतार मीणा 26 जून को अपने गृह क्षेत्र खिरखडी सकुशल लौट आए। यह सात दिवसीय गौरवपूर्ण यात्रा 25 जून को भूटान से शुरू हुई थी। इस यात्रा के दौरान 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर राम अवतार मीणा को प्रतिष्ठित ‘भारत-भूटान शांति अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अंतर्राष्ट्रीय समस्ता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप शर्मा ने किया। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भूटान के प्रमुख बौद्ध मंदिरों, मठों और प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान भूटान की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से रूबरू कराने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यात्रा का मुख्य आकर्षण भूटान की महत्वपूर्ण हस्तियों के साथ हुई उच्चस्तरीय मुलाकातें रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने भूटान के विदेश मंत्री माननीय डी.एन. डूगीयाज से भेंट की, जहाँ भारत-भूटान मैत्री संबंधों पर सार्थक चर्चा हुई। आधे घंटे तक चली इस चाय पर चर्चा के दौरान भारत के विकास, पंचशील सिद्धांतों और राजनीतिक-राजनयिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए गए। इसके पश्चात संसद भवन के समक्ष सामूहिक फोटोग्राफी भी की गई।

भूटान के विदेश मंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उन्हें विश्व का महान, योग्य एवं ताकतवर नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि भारत हमें छोटे भाई की तरह स्नेह देता है और हम बड़े भाई के रूप में भारत का आदर करते हैं। भारत का विश्वास ही भूटान की असली ताकत है, जिसे वे सदियों तक बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने हर वर्ष योग दिवस पर भूटान आने का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान आर्थिक मामलों के पूर्व मंत्री लोकनाथ शर्मा तथा संसद के अन्य चार सदस्यों द्वारा प्रतिनिधिमंडल को दिए गए मान-सम्मान से सभी सदस्य अभिभूत रहे।

कुल 85 सदस्यों के दल में शामिल 51 प्रतिभाओं को विभिन्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस दल में प्रमोद शर्मा (व्यवस्थापक), धोलूराम मीणा, श्रवण सिंह बुड़रक, रिषीराज थानवी, श्रीमती रेखा सिंह, एडवोकेट गौरव गणैशिया, पत्रकार रामदयाल भाटी और खुबचन्द सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। इस यात्रा में जयगांव, फुलसलिग, थिम्फू और पारो जैसे प्रमुख शहरों का भ्रमण किया गया। राम अवतार मीणा ने भूटान की प्राकृतिक सुंदरता, अनुशासित ट्रैफिक व्यवस्था, वहां के राजा के प्रति समर्पण, निशुल्क शिक्षा-चिकित्सा और लोगों की सकारात्मक सोच को प्रेरणादायक बताया। भारत और भूटान की मिट्टी को एक साथ मिलाकर मैत्री संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने का संदेश देते हुए इस ऐतिहासिक यात्रा का समापन हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story