सवाई माधोपुर, 25 दिसंबर (राजेश शर्मा)। प्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के हालिया तबादलों ने प्रशासनिक हलकों में नई हलचल पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा किए गए इन अहम निर्णयों में सवाई माधोपुर को विशेष पहचान तब मिली, जब जिले के निवासी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा को राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव नियुक्त किया गया।

सरकारी आदेश के अनुसार, राकेश शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और संतुलित नेतृत्व क्षमता को ध्यान में रखते हुए सौंपी गई है। सरल स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले राकेश शर्मा इससे पूर्व स्वायत्त शासन विभाग सहित प्रदेश के कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हाल ही में वे अतिरिक्त आयुक्त, जयपुर विकास प्राधिकरण के पद पर कार्यरत थे, जहां उनके कार्यकाल को प्रभावी और परिणामोन्मुखी माना गया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजस्थान का आयुक्त बनाए जाने को प्रदेश की सूचना व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह विभाग न केवल सरकारी नीतियों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि सरकार और समाज के बीच संवाद की सशक्त कड़ी भी है।

राकेश शर्मा की इस नियुक्ति पर सवाई माधोपुर में खुशी का माहौल देखा गया। आईएफडब्ल्यूजे राजस्थान के सवाई माधोपुर जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित जिले के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त आयुक्त राकेश शर्मा को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने आशा जताई कि उनके नेतृत्व में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग प्रदेश में पारदर्शिता और प्रभावी संचार के नए आयाम स्थापित करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story