राजस्थान समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने जून और जुलाई 2026 में खाली हो रही सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की तारीखें जारी कीं, 18 जून को होगा मतदान।

राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों समेत देशभर की 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए स्पष्ट किया कि राजस्थान से चुने गए राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी, राजेन्द्र गहलोत और रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों पर अब नए प्रतिनिधियों के चयन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार देश के 10 राज्यों से चुने गए राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में पूरा हो रहा है। इसी क्रम में आयोग ने सभी 24 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित किया है। जारी कार्यक्रम के तहत 1 जून 2026 को अधिसूचना जारी होगी, जबकि 8 जून तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी और 11 जून तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।
राजस्थान सहित संबंधित राज्यों में मतदान 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को 20 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया है।
आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। मतपत्र पर प्राथमिकता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का उपयोग अनिवार्य किया गया है। किसी अन्य पेन से मतदान मान्य नहीं होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर पूरी प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी।
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाला यह चुनाव प्रदेश की आगामी राजनीतिक रणनीतियों और दलों की शक्ति संतुलन की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। अब राजनीतिक दलों की नजर उम्मीदवार चयन और विधानसभा के भीतर संख्या समीकरणों पर टिक गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
