राजकाज पोर्टल पर अचल संपत्ति विवरण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग, शिक्षक संघ ने भेजा पत्र
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने वर्ष 2026 के अचल संपत्ति विवरण को राजकाज पोर्टल पर जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिन या एक माह बढ़ाने की मांग उठाई है।

राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री सोहन लाल गुप्ता ने प्रमुख शासन सचिव कार्मिक विभाग, संयुक्त शासन सचिव राजस्थान सरकार और प्रदेश अध्यक्ष राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम), जयपुर को पत्र लिखकर वर्ष 2026 के अचल संपत्ति विवरण को राजकाज पोर्टल पर ऑनलाइन भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि राज्य सरकार के कार्मिक विभाग के आदेश के अनुसार समस्त राज्य कर्मचारियों के लिए वर्ष 2026 का अचल संपत्ति विवरण राजकाज पोर्टल पर 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन भरना अनिवार्य किया गया था। हालांकि, कई राजकीय कर्मचारी स्थानांतरण एवं अन्य कारणों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना अचल संपत्ति विवरण ऑनलाइन दर्ज नहीं करवा पाए।
सोहन लाल गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि निर्धारित अवधि में अचल संपत्ति विवरण प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण संबंधित कार्मिकों की वार्षिक वेतन वृद्धि और पदोन्नति प्रभावित होने का प्रावधान है। इसे देखते हुए उन्होंने राजकीय कर्मचारियों के व्यापक हित को ध्यान में रखने का आग्रह किया है।
पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि राजकाज पोर्टल पर अचल संपत्ति विवरण ऑनलाइन सबमिट करने की अंतिम तिथि कम से कम 15 दिन अथवा एक माह तक बढ़ाई जाए, ताकि जो कर्मचारी विभिन्न कारणों से निर्धारित समय सीमा में विवरण प्रस्तुत नहीं कर सके हैं, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
