सवाई माधोपुर के मानटाउन स्थित महावीर पार्क में राजीव गांधी पंचायत राज संगठन का स्थापना दिवस जिला अध्यक्ष राम भजन मीणा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन को गांव और वार्ड स्तर तक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया, वहीं पंचायत राज चुनाव शीघ्र कराने की मांग प्रमुखता से उठी।

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष राम भजन मीणा ने कहा कि राजीव गांधी संगठन को गांव और वार्ड स्तर तक खड़ा किया जाएगा और संगठन को मजबूत किया जाएगा। स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी पंचायत राज की स्थापना स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नागौर में की थी। उनका उद्देश्य था कि गांव में पंच-पटेल द्वारा लिए जाने वाले न्यायिक निर्णयों को कानूनी दर्जा दिया जाए। इसी उद्देश्य से पंचों के संगठन को पंचायत राज का नाम देकर गांव के विकास और ग्रामीणों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद धीरे-धीरे पंचायत राज व्यवस्था पूरे देश में स्थापित हो गई, जिससे गांवों में सरकार चलने लगी और ग्रामीण विकास को गति मिली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायत राज व्यवस्था में दलित, एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को आरक्षण देकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। वर्तमान में राजस्थान सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि समय पर पंचायत चुनाव नहीं कराकर गांव के विकास को रोका जा रहा है और लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। संगठन के माध्यम से पंचायत राज चुनाव शीघ्र कराने और लोकतंत्र को बचाने की मांग की गई।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वर्धमान, पंचायत राज संगठन के प्रभारी राजेंद्र जी, पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय संयोजक दशरथ सिंह मीणा, वीपी सिंह, गजानंद बैरवा, जिला परिषद सदस्य अजय शर्मा, राजेश पहाड़िया, संजय गौतम, पार्षद बृजमोहन सिसोदिया, कमलेश मीणा, राजमल मीणा, आरपी मीणा, गफूर अहमद, प्यारेलाल शर्मा, ओम सेन, मंजू नायक, सुरेश गुर्जर, धर्मराज मीणा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

यह आयोजन न केवल संगठन की मजबूती का संकेत रहा, बल्कि पंचायत राज व्यवस्था को लेकर राजनीतिक सक्रियता और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग को भी स्पष्ट रूप से सामने लाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story